बिलासपुर। मुंगेली में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच जिला प्रशासन ने कड़ा फैसला लेते हुए आज शाम से 28 मई की सुबह तक सम्पूर्ण लॉकडाउन का आदेश जारी कर दिया है। सख्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इस दौरान किराना सामान ही नहीं, दूध और सब्जी की बिक्री पर भी प्रतिबंध रहेगा। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे ने बताया कि कोरोना संक्रमण से रोकथाम के लिए युद्धस्तर पर किये जा रहे प्रयास के तहत यह फैसला लिया गया है।

कलेक्टर द्वारा आज एक आदेश जारी कर शाम 6 बजे से 28 मई की सुबह 8 बजे तक नगरपालिका मुंगेली के सम्पूर्ण क्षेत्र को पूरी तरह से लॉकडाउन पर रखा गया है। इस दौरान शासकीय कार्यालय, बैंक, गैस एजेंसी और अस्पताल संचालित होंगे। मेडिकल स्टोर्स और पेट्रोल पम्प सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक खुलेंगे। नगर पालिका की सेवायें और धान परिवहन का कार्य भी संचालित रहेगा।

डॉ. भूरे ने बताया कि लॉकडाउन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए डेयरी, सब्जी और किराना सामान की बिक्री पर इस अवधि में रोक रहेगी। जिले के कंटेन्मेंट जोन में सम्पूर्ण गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस आदेश का सभी सम्बन्धितों को कड़ाई से पालन करने कहा गया है।

ज्ञात हो कि मुंगेली में लगातार कोरोना केस मिल रहे हैं। प्रवासी मजदूरों के क्वारांटीन सेंटर्स महाराणा प्रताप वार्ड (पेन्डराकापा), सम्बलपुर व चातरखार से अभी तक 9 केस मिले हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here