बिलासपुर। मार्निंग वाक पर निकले लोगों से पुलिस ने बीच सड़क पर व्यायाम और योगाभ्यास कराया और बिना मास्क पहने निकले 23 लोगों पर नगर निगम ने 5100 रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किया। दो दिन के भीतर जिले में बिना मास्क पहने घूमने वाले 100 से अधिक लोगों पर कार्रवाई की जा चुका है।

लॉकडाउन के चलते जिला पुलिस लगातार घरों से बाहर निकलने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्हें चौराहों पर उठक-बैठक कराई जा रही है तथा बेंत से पीटा भी जा रहा है। अब लॉकडाउन-2 में ज्यादा सख्ती बरतते हुए मार्निंग वॉक पर निकलने पर रोक लगा दी गई है। सुबह-सुबह शहर के कई हिस्सों में मार्निंग वाक के लिए लोगों की भीड़ निकल रही है। शुक्रवार को पुलिस ने ऐसे लोगों की घेराबंदी तारबाहर चौक पर की। मार्निंग वॉक पर निकले लोगों को पुलिस ने चौराहे पर रोक-रोक कर इकट्ठा किया। इसी तरह पुराना बस स्टैंड में लोगों से व्यायाम और ऊठक बैठक कराई गई। इनमें से युवाओं से व्यायाम कराया गया और बुजुर्गों से योगाभ्यास कराया गया। सभी को हिदायत दी गई कि जब तक लॉकडाउन चल रहा है मार्निंग वाक पर भी न निकलें।

इनमें ऐसे 23 लोग थे जिन्होंने मास्क नहीं पहना था। नगर निगम ने इन पर 5100 रुपये जुर्माना किया। इसके पहले कल सिविल लाइन व कोतवाली थाना क्षेत्र में 30-30, सरकंडा में 8, तोरवा में 10, सकरी में 3 सिरगिट्टी में 2, चकरभाठा में 5 व अन्य थानों में कुल मिलाकर 100 लोगों पर मास्क नहीं पहनने के कारण जुर्माना किया गया। लॉकडाउन का उल्लंघन करने के मामलों में पुलिस अब तक करीब 200 प्रकरण दर्ज कर चुकी है। इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत 110 का चालान किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here