सीयू में विश्व पर्यावरण दिवस पर वेबिनार का आयोजन

बिलासपुर। गुरू घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय की प्राकृतिक संसाधन विद्यापीठ के अंतर्गत वानिकी, वन्य जीव एवं पर्यावरण विभाग में विश्व पर्यावरण दिवस पर 5 जून को वेबिनार सत्र का आयोजन किया गया। इस वेबिनार की थीम जैव विविधता रही।

वेबिनार का उद्घाटन करते हुए वानिकी के विभागाध्यक्ष डॉ. एस.सी. तिवारी ने कहा कि पर्यावरण के प्रदूषित होने से सभी प्राणियों के नष्ट होने का खतरा पैदा हो जाता है एवं हवा की गुणवत्ता खराब होने से प्रकृति विकृत हो जाती है, जिसका दुष्परिणाम मानव स्वास्थ्य एवं सभी जीव जंतुओं को भोगना पड़ता है। वायु प्रदूषण की वजह से विश्व भर में हर साल करीब 70 लाख लोग मौत के शिकार हो जाते हैं और करीब दस लाख प्रजातियां विलुप्ति की कगार पर पहुंच चुकी हैं। इस खतरे से इन प्रजातियों को बचाने के लिए जैव विविधता का थीम रखा गया है जिससे सम्पूर्ण मानव जाति का ध्यान इस ओर आकर्षित किया जा सके।

इस आयोजन में दक्षिण पूर्व देशों के लिये यूनेस्को के पूर्व पर्यावरण प्रमुख डॉ. रामबूज ने कहा कि पर्यावरण की  गुणवत्ता पूरे विश्व के लिए लाभकारी है। भारत जैव विविधता से परिपूर्ण है पर इस विविधता पर संकट मंडरा रहा है जिसका कारण मानव जनित परिवर्तन है और मानव को इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है। पर्यावरण दिवस को यदि हम आनंद लेना चाहते हैं तो हमें अपनी जिम्मेदारी से वृक्षारोपण कर, नवीकरणीय संसाधन का उपयोग करना होगा।

प्राकृतिक संसाधन विभाग के अधिष्ठाता प्रो. एस.एस. सिंह अधिष्ठाता प्राकृतिक संसाधन ने प्रकृति की उत्पत्ति, जैव विविधता एवं उसकी अनुवांशिकी पर प्रकाश डाला। प्रो सिंह ने कहा की कोविड-19 के विषाणु के अन्दर आरएनए प्राचीन काल से पृथ्वी पर विद्यमान है और मनुष्य जाति को इसलिए आसानी से प्रभावित करता है जिसके प्रति प्रतिरोधक क्षमता का विकास हमारे लिए आसान नहीं है पर हम इससे अपने स्वास्थ्य को ध्यान रखकर तथा आपस में दूरी बनाकर विषाणु संक्रमण से बचा जा सकता है।

कार्यक्रम में अग्रणी इंटरप्रेनर संजय सैलानी ने विचार विद्यार्थियों के साथ साझा किया।  उन्होंने वानिकी विभाग के विद्यार्थियों को प्रकृति के संरक्षण में सलग्न होने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों में पर्यावरण जागरूकता के लिए ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता भी  रखी गई।

विश्व पर्यावरण दिवस हर साल अलग-अलग देशों के द्वारा अलग-अलग विषयों पर आयोजित किया जाता है। इस साल का विश्व पर्यावरण दिवस कोलंबिया और जर्मनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है। साल 2018 में भारत ने विश्व पर्यावरण दिवस आयोजित किया था जिसकी थीम बीट प्लास्टिक पोल्यूशन थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here