बिलासपुर। सिरगिट्टी में पुलिस ने एक मृतक के अंतिम संस्कार के पहले पहुंचकर हत्या के मामले का पर्दाफाश किया है। हत्या के आरोप में उसकी पत्नी और प्रेमी को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने उसकी रस्सी से गला घोटकर हत्या कर दी थी।

डायल 112 में कोरियापारा तिफरा से एक युवक ने सूचना दी कि उसके घर के पास रहने वाले बलराम ठाकुर (62 वर्ष) की मृत्यु हो गई है। उसकी पत्नी बीमारी और बुढ़ापे के कारण मौत होना बता रही है पर यह स्वाभाविक घटना नहीं लग रही है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो वहां मृतक बलराम के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा। पुलिस को मालूम हुआ कि मृतक की पत्नी सावित्री ठाकुर (35 वर्ष) उसकी दूसरी पत्नी है। पति-पत्नी की उम्र में काफी अंतर है। उसने पुलिस के सामने दोहराया कि उसकी मृत्यु बीमारी और वृद्धावस्था के चलते हुई। आसपास के लोगों ने पूछताछ करने पर पुलिस को पता चला कि सावित्री का विवाहेत्तर संबंध रतनपुर के नारायण खांडे नामक व्यक्ति से है जो अक्सर उसके घर आता है। वह पास के तिफरा सब्जी मंडी में ड्राइवर के रूप में काम करता है। घटना के दिन से ही वह फोन बंद करके गायब था। सिरगिट्टी पुलिस ने उसे तिफरा बस स्टैंड के पास से हिरासत में ले लिया। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने बलराम ठाकुर की हत्या का अपराध स्वीकार कर लिया। पता चला कि दो तीन साल से उसका सावित्री के साथ अवैध संबंध था। कई बार वह रात में सावित्री के घर खाना खाता और वहीं पर रुक जाता था। पिछले कुछ दिनों से सावित्री के पति बलराम को उनके अवैध संबंधों के बारे में पता चल गया था और वह घर आने से मना करता था। बार-बार टोकने से परेशान होकर दोनों ने उसकी हत्या की योजना बनाई। उन्होंने घटना की रात नायलोन की रस्सी से गला घोटकर बलराम की हत्या कर दी। हत्या के लिये प्रयुक्त रस्सी को घर की अलमारी से ही बरामद किया गया है। इधर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला घोटकर हत्या किये जाने की पुष्टि हो गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here