बीआर यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई में 42 करोड़ के कार्यों का वर्चुअली लोकार्पण और भूमि पूजन

बिलासपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीआर यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई में विभिन्न खेल सुविधाओं के विकास के लिए 42 करोड़ के कार्यों का आज वर्चुअली लोकार्पण और भूमि पूजन किया। इसके साथ ही हॉकी, तीरंदाजी, एथेलैटिक की आवासीय अकादमी और बालिकाओं के लिए आवासीय कबड्डी अकादमी का शुभारंभ किया गया।

बिलासपुर के राज्य खेल परिसर स्थित इंडोर स्टेडियम बहतराई में लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओ की कमी नही है। खेल के संस्कार यहां पहले से मौजूद हैं। खेल के अधोसंरचना विकास मे राज्य लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने राज्य में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उद्योग समूहों का आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे शहरो में भी खेल सुविधाओं के विस्तार पर ध्यान देना होगा, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को लाभ मिले। बघेल ने कहा कि राज्य सरकार खेल सुविधाओ के लिए कोई कमी नही होने देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पुराने खेल संस्कार को पुर्नजीवित करने के लिए युवा मितान क्लबों का गठन किया जा रहा है। इसके माध्यम से खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं मे नेतृत्व क्षमता का विकास होगा। राज्य को खेल क्षेत्र में जो भी उपलब्धियां हासिल हुई हैं, उसके लिए खेल संघ और खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिलासपुर मे स्थापित हॉकी, तीरंदाजी, एथैलेटिक, कबड्डी खेल अकादमी के लिए खिलाड़ियों का चयन 12,13 व 14 अक्टूबर को किया जायेगा।

राज्य में पहली बार आवासीय खेल अकादमी

कार्यक्रम की वर्चुअली अध्यक्षता करते हुए खेल मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि राज्य में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्थापित खेल संरचना का पूरा उपयोग खिलाड़ी करें इसको ध्यान में रखते हुए खेल अकादमी चालू किए गए हैं। राज्य मे पहली बार आवासीय खेल अकादमी की शुरूआत हो रही है जहां खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जायेगा।

जिले के प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि यह बिलासपुर जिले के लिए गौरव का क्षण है। बहुप्रतीक्षित मांग आज पूरी हुई है। उन्होंने राज्य खेल परिसर का नामकरण स्व. बी.आर.यादव के नाम पर करने और अकादमी स्थापना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। बिलासपुर के सांसद अरूण साव ने कहा कि यह परिसर क्षेत्र के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा। संसदीय सचिव रश्मि सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ का खेल के क्षेत्र में गौरवशाली इतिहास रहा है जिसमें एक नई कड़ी आज जुड़ी है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव ने कहा कि खेल अकादमी आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल संवाद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ हाकी संघ के सचिव मनीष श्रीवास्तव और छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष कैलाश मुरारका सहित तीरंदाज नवीन कुमार पोर्ते और कोच इतवारी राज से वर्चुअल संवाद किया। उन्होंने इनसे ग्राम शिवतराई में चल रही तीरंदाजी गतिविधियों की जानकारी ली। कोच ने बताया कि छत्तीसगढ़ बनने के बाद ग्राम शिवतराई के तीरंदाज बच्चों ने राज्य के लिए पहला मेडल प्राप्त किया था। अब तक 185 मेडल यहां के तीरंदाजों ने प्राप्त किए है। हॉकी खिलाड़ी ओम गुप्ता ने अंतराष्ट्रीय मैदान की सुविधा मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार माना।

कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन खेल संचालक श्वेता सिन्हा ने दिया। बहतराई स्टेडियम के कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चैहान, महापौर रामशरण यादव, सभापति शेख नजीरूद्दीन, आईजी रतनलाल डांगी, कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, नागरिक व खिलाड़ी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here