बिलासपुर। गुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के मौके पर चल रहे पांच दिवसीय प्रकाश पर्व का समापन कल मंगलवार को दिनभर चलने वाले विविध कार्यक्रमों के साथ होगा। सोमवार को गुरुद्वारा गोंडपारा में कीर्तन दीवान सजाया गया था।

गुरुद्वारा दयालबंद और सभी गुरुद्वारों की ओर से गुरुनानक स्कूल प्रांगण में 8 नवंबर से प्रकाश पर्व उत्सव मनाया जा रहा है। 12 नवंबर को सुबह आठ बजे से गुरुनानक स्कूल में कीर्तन दीवान के साथ समापन का मुख्य कार्यक्रम प्रारंभ होगा। यहां दोपहर 2.30 बजे तक कीर्तन दीवान सजाया जायेगा और उसके बाद गुरु का अटूट लंगर बरताया जायेगा। शाम को 6 बजे से 7.30 बजे तक बच्चों की ओर से धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जाएंगे। रात का दीवान 8 बजे से रात 12 बजे तक सजाया जायेगा। सुबह और रात के दीवान में भाई मेहताब सिंह जालंधर वाले, सरबजीत सिंह पटना वाले, सतपाल सिंह दिल्ली वाले और हजूरी रागी जत्था गुरशेर सिंह हाजिरी भरेंगे। इस बीच शाम 7:30 बजे से आठ बजे तक आकर्षक आतिशबाजी की जायेगी।  11 नवंबर सोमवार को गुरुनानक स्कूल पंडाल  को रात दियों एवं झालर से बहुत ही शानदार ढंग से रोशनी की गई। इसे मंगलवार को सुबह फूलों से आकर्षक एवं भव्य ढंग से सजाया जायेगा।

गुरुनानक देव जी महाराज के 550 वें प्रकाश उत्सव के पंच दिवसीय आयोजन के चौथे दिन सोमवार को सुबह 11 से 3 बजे तक श्री गुरु सिंह सभा गोंडपारा  में कीर्तन दीवान सजाया गया जहां पंथ के प्रसिध्द रागी जत्थे भाई मेहताब सिंह, सरबजीत सिंह पटना वाले, सतपाल सिंह दिल्ली वाले कीर्तन से साध संगत को निहाल किया। इसके बाद हेड ग्रंथी मान सिंह बडला ने सरबत के भले के अरदास की। यहां समूह साध संगत के लिये लंगर की व्यवस्था रखी गई थी।

रात को कीर्तन दीवान गुरुनानक स्कूल के शानदार पंडाल में सजाया गया, जहां पर हजूरी रागी जत्था भाई गुरशेर सिंह, मेहताब सिंह जालंधर वाले , सरबजीत सिंह पटना वाले , सतपाल सिंह दिल्ली वाले ने साध संगत को कीर्तन रसपान कराया। यहां समूह साध संगत के लिये लंगर रखा गया।

उल्लेखनीय है कि  सिक्खों के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव  जी की 550 वें प्रकाश उत्सव की तैयारियां दयालबंद गुरुद्वारा कमेटी की ओर से बहुत ही बड़े स्तर पर की गई है गुरुनानक स्कूल परिसर में सिक्खों के प्रसिद्ध तीर्थ ननकाना साहिब के मॉडल स्वरूप शानदार पंडाल बनाया गया है।

मंगलवार 12 नवम्बर को मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा गुरुद्वारा कमेटी दयालबंद के प्रधान अमरजीत सिंह दुआ ने बताया कि समूह साध संगत से 12 नवम्बर को अपने संस्थान बंद रखने एवं ड्रेस कोड में आने हेतु निवेदन किया है। ड्रेस कोड व पार्किंग पर भी व्यवस्था निर्धारित की गई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here