किताबों की दुनिया में लौटाने एवं पुस्तक संस्कृति से जोड़ने सीवीआरयू की पहल

बिलासपुर। आधुनिक संचार माध्यमों की तमाम चुनौतियों के बीच जनता को किताबों की दुनिया में लौटाने और पुस्तक संस्कृति से जोड़ने के लिए डॉ.सी.वी.रामन् विश्वविद्यालय द्वारा विश्वरंग कार्यक्रम का आयोजन किया रहा है। इस के तहत 7 सितंबर से 19 सितंबर तक पुस्तक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

यह यात्रा डॉ.सी.वी.रामन् विश्वविद्यालय से प्रारंभ होगी जिसे बॉलीवुड के प्रख्यात अभिनेता विनय पाठक हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। इस दौरान ज्ञान-विज्ञान तथा अन्य उपयोगी साहित्यिक-किताबों, पोस्टरों आदि से सुसज्जित एक वाहन होगा जो पुस्तक प्रेमियों के साथ रैली की शक्ल में विभिन्न गाँव-कस्बों से गुजरता हुआ निर्धारित स्थानों पर ठहरेगा।19 सितंबर को यह यात्रा वापसी के बाद शहर के पं. देवकीनंदन दीक्षित सभा भवन में तीन दिवसीय युवा महोत्सव का रूप लेगी। इसमें प्रथम दिन प्रसिद्व अभिनेत्री एवं लेखिका उपा गांगुली के नाटक अंतरयात्रा का मंचन किया जाएगा। दूसरे दिन भक्ति एवं लोक गीत गायक हेमंत चौहान अपनी प्रस्तुति देंगे। युवा उत्सव के तीसरे दिन फोक मस्ती बैंड की प्रस्तुति होगी।

उक्त जानकारी डॉ.सी.वी.रामनविश्वविद्यालय के कुलसचिव गौरव शुक्ला ने पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि डॉ.सी.वी.रामन विश्वविद्यालय एवम् तथा वनमाली सृजन पीठ की पहल पर भोपाल, बिलासपुर, खंडवा, वैशाली और हजारीबाग में स्थापित हमारे सभी पांच विश्वविद्यालयों में एक साथ यह यात्रा शहरों – कस्बों – गांवो से गुजरते हुए पुस्तक संस्कृति से जुड़ने का आह्वान करेगी।  विभिन्न शैक्षणिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संस्थानों की साझेदारी में यह सामूहिक अभियान एक नई सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनेगा। पुस्तक यात्रा का समापन 19 सितंबर का होगा। शुक्ला ने बताया कि विराट गतिविधि ‘‘किताबें करती हैं बातें‘‘ शीर्षक के आसपास पुस्तक, पाठक और लेखकों को जोड़ने की उत्सवी पहल होगी है।

शुक्ला ने बताया कि यात्रा के परिप्रेक्ष्य में 9वीं से 12वीं तक के स्कूली और महाविद्यालयीन स्तर पर अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए रचित कविता, कहानी तथा चित्रकला, फिल्म मेकिंग स्पर्धाएं भी आयोजित की गई। विनय पाठक इन विद्यार्थियों को पुरस्कृत करेंगें। इसके बाद अगले क्रम में चयनित विजेताओं को 19 सितंबर को समारोहपूर्वक पुरस्कृत किया जायेगा। शुक्ला ने बताया कि पुस्तक यात्रा के दौरान दान-दाताओं से पुस्तक संग्रहण भी किया जायेगा। संग्रहित पुस्तकें जरूरतमंद शिक्षण संस्था को भेंट की जायेगी। यात्रा-वाहन में उपलब्ध पुस्तकें विक्रय के लिए उपलब्ध रहेंगी, जिन्हें पुस्तक प्रेमी रियायती दरों पर खरीद सकेंगे।

अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव ‘विश्वरंग’ का आयोजन नवंबर में

कुल सचिव शुक्ला ने बताया कि साहित्य और कलाओं के अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव ‘विश्वरंग‘ परिकल्पित हुआ है जो 7 से 10 नवंबर तक भोपाल में आयोजित होगा। ‘पुस्तक यात्रा‘ इसी विश्वरंग की महत्वपूर्ण कड़ी है। पुस्तक यात्राओं को लोक व्यापी बनाने के लिए कई बहुआयामी कार्यक्रम होंगे। चयनित स्कूलों में इस यात्रा के तारतम्य में छात्र-छात्राएँ, शिक्षक तथा आमंत्रित लेखकों के बीच पुस्तकों की गौरवशाली परंपरा तथा आंचलिक सांस्कृतिक विरासत पर केन्द्रित कार्यक्रम होंगे। स्थानीय और अन्य प्रतिष्ठित अतिथि लेखकों का रचना पाठ तथा विद्यार्थियों के बीच प्रश्नोत्तरी (क्विज) के रोचक आयोजन भी होंगे।  यह यात्रा सात सितंबर को कोटा से रवाना होगी, 8 सितंबर को मुंगेली, 9 सितंबर को कवर्धा, 10 को बेमेतरा, 11 को भाटापारा, 12 को बलौदाबाजार, 13 को आरंग, 14 को महासमुंद, 15  को शिवरीनारायण, 16 को जांजगीर-चाम्पा, 17 को कोरबा, 18 को कटघोरा तथा 19 सितंबर को बिलासपुर पहुंचेगी।

107 स्कूलों के प्रतिभागी शामिल हुए

सीवीआरयू में पुस्तक यात्रा के पूर्व अंतर विद्यालयीन और अंतर महाविद्यालयीन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस दौरान अंचल के 107 स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी पेंटिंग, भाषण, फिल्म मेंकिंग और कविता पाठ प्रतियोगिता में भाग लिया। विवि के समस्त विभागों के बीच भी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इनमें भी उत्साह से विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान चयनित विद्यार्थियों को 7 सितंबर को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

वनमाली सृजन पीठ के अध्यक्ष सतीश जायसवाल ने सृजन पीठ में चल रही साहित्यिक व पठन-पाठन की गतिविधियों पर जानकारी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here