रजत जंयती वर्ष पर विचार मंच-सरगम का आयोजन

बिलासपुर। साहित्यिक, सांस्कृतिक गतिविधियों की संस्था ‘विचार मंच’ की ओर से रविवार को आयोजित विकास वैष्णव के शास्त्रीय गायन ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

वैष्णव ने कार्यक्रम की शुरूआत राग बिहाग में निलम्बित लय पर कैसे सुख सोवे गाकर की। छोटा खयाल बंदिश में उन्होंने छिप जा रे चांदनी रात की प्रस्तुति दी। इसके बाद राग यमन मध्यलय त्रिताल में बंदिश सुनाई- दर्शन तव देवो महादेव सुनाया। गायक विकास वैष्णव ने इसके बाद द्रुत खयाल में देवी भवानी आ…गाकर  बड़ी संख्या में उपस्थित श्रोताओं की वाहवाही लूटी।

विकास वैष्णव की तीसरी प्रस्तुति जय माधव मदन मुरारी, भजन ने लोगों का मन मोह लिया तथा अंतिम प्रस्तुति मैं गोविन्द गुण गावा.. ने भी लोगों को भाव विभोर किया।

गायन के इस कार्यक्रम में तबले पर प्रस्तुति राजेश मौंदेकर ने दी तथा हारमोनियम पर संगत सामाजिक लाल की थी। लगभग डेढ़ घंटे तक श्रोताओं ने संगीत के इस आयोजन का आनंद उठाया।

विचार मंच के संयोजक द्वारिका प्रसाद अग्रवाल ने कार्यक्रम की आरंभ में विकास वैष्णव का परिचय दिया। अग्रवाल ने बताया कि यह विचार मंच का रजत जयंती वर्ष है और वर्ष भर इसी तरह के अनूठे कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास किया जायेगा। राजेश दुआ ने कलाकारों का स्वागत किया। पं. गिरधऱ शर्मा ने कलाकारों को सम्मानित किया और स्मृति चिन्ह सौंपा। विवेक जोगलेकर ने आभार प्रदर्शन किया।

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here