बिलासपुर। अटल आवास पर अवैध कब्जा हटाने गये नगर निगम के अमले को मदद करने के लिए पहुंची पुलिस पर वहां के लोगों ने पत्थर फेंककर हमला कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए तनाव पैदा हो गया। पुलिस ने इन्हें रोकने के लिये जवाबी लाठियां चलाई और 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

सरकंडा थाने के अंतर्गत बहतराई में छह साल पहले नगर निगम ने पांच करोड़ रुपये की लागत से 408 मकान बनाये गये। नगर निगम अधिकारियों ने अपने बनाये मकान की सुध तब ली जब उन्हें अरपा परियोजना के अंतर्गत नदी के दूसरे छोर पर रिवर व्यू सड़क का निर्माण करना है। इस निर्माण के कारण नदी किनारे की कई दर्जन झोपड़ियां टूटने वाली है। इन्हें शिफ्ट करने के लिए इन खाली आवासों को चिन्हित किया गया। इसके अलावा चांटीडीह के नाग-नागिन तालाब के पास स्थित इसी योजना के 330 मकानों का भी चयन किया गया। इन मकानों को बनने के बाद आवासहीन लोगों में आबंटित किया जाना था पर नगर निगम के अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। कुछ बिचौलियों की मदद से इन पर आवासहीनों ने कब्जा कर लिया। वे यहां मकान बनने के बाद से रह रहे हैं। इन लोगों का कब्जा अवैध बताते हुए तीन दिन की नोटिस दी गई थी। नोटिस मिलने के बाद प्रभावित परिवारों ने कलेक्टोरेट के सामने दो दिन पहले चक्का जाम भी कर दिया था, जो बाद में पुलिस-प्रशासन के आश्वासन के बाद लौटे।

बहतराई में कल से आवास खाली कराने का सिलसिला शुरू हो गया है। आज जब नगर निगम का दस्ता पुलिस के साथ वहां पहुंचा तो पुलिस की गाड़ी पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। पुलिस उन्हें समझा रही थी कि ये आवास अवैध कब्जे का है उन्हें विधिवत् आबंटित नहीं किया गया है। इस पर भीड़ में शामिल महिलायें कहने लगीं कि उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं वे आवास खाली नहीं कर सकतीं। कुछ ने स्थानीय नेताओं का नाम भी लिया और कहा कि वे 50 हजार रुपये से दो लाख रुपये तक खर्च कर यहां शिफ्ट हुए हैं। पर पुलिस ने नियम कानून का हवाला देते हुए उन्हें मकान खाली करने के लिये कहा। इसी बीच पुलिस पर कुछ लोगों ने निर्माणाधीन सीसी रोड के लिए एकत्र गिट्टियां उठाकर पुलिस पर फेंकना शुरू कर दिया।

सरकंडा थाने के प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि इस मामले में 13 गिरफ्तार किये गये हैं। ये सभी पुरुष हैं हालांकि पत्थर चलाने वालों में महिलायें भी शामिल थीं। पत्थर फेंकने से कुछ गाड़ियों को क्षति पहुंची है पर किसी पुलिस कर्मी को चोट नहीं आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here