बिलासपुर। बंद कमरे में ब्यूटीशियन की लाश मिलने के मामले में पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मानकर जांच शुरू कर दी है। युवती के पिता ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी की हत्या कर लाश फंदे पर लटका दी गई। युवती के साथ लव इन में रहने वाले युवक से पूछताछ की जा रही है।
कोरबा जिले के रजगामार की 22 वर्षीय प्रियंका नायक एक माह पहले बिलासपुर आई थी और यहां 36 सिटी मॉल के एक ब्यूटी पार्लर में ब्यूटीशियन का काम करती थी। पहले वह कोरबा के किसी ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। उसका प्रेमी मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के टिकारी का रहने वाला सूरज भी उसी ब्यूटी पार्लर में काम करता है। मंगला स्थित गंगानगर के सविता दुबे के मकान के एक कमरे में दोनों किराए से रहते थे। मकान मालकिन को उन्होंने आपस में पति-पत्नी होना बताया था।
बुधवार की सुबह जब उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो दूसरे पड़ोसी किरायेदारों ने भीतर झांक कर देखा। भीतर प्रियंका का शव फांसी के फंदे पर झूलता दिखाई दिया। आसपास के लोगों की मौजूदगी में खिड़की से हाथ डालकर उन्होंने दरवाजा खोला। भीतर प्रियंका का शव लटका हुआ था। उन्होंने सिविल लाइन पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इधर सूचना मिलने के बाद पहुंचे प्रियंका के पिता शरद नायक ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी की हत्या की गई है। उसकी नाक से खून बह रहा था और जगह जगह खरोच के भी निशान‌ भी दिखाई दे रहे हैं। कमरे का दरवाजा कुछ ऐसा है जिसे खिड़की से हाथ डालकर बंद किया और खोला जा सकता है। किसी ने उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया। इसके बाद भीतर से दरवाजा बंद कर भाग गया।
मृतक युवती के प्रेमी सूरज ने पूछताछ में बताया कि मंगलवार की रात कुछ दोस्त और प्रियंका की सहेली उसके घर आए थे। सभी ने शराब पी और पार्टी की थी। इसके बाद वह अपने दोस्तों को छोड़ने के लिए चला गया था। रात में लौटने पर प्रियंका ने दरवाजा नहीं खोला तो वह बगल के कमरे में जाकर सो गया। सूरज ने यह भी बताया कि प्रियंका को उसका पूर्व प्रेमी फोन करके परेशान करता था। प्रियंका उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी। पुलिस को सूरज के बयान में कुछ विरोधाभास दिखाई दे रहे हैं, इसलिए उससे और पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here