घटना की जानकारी छिपाई, हॉस्टल अधीक्षिका भी पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार

सुकमा (बस्तर)। पुलिस ने पोटाकेबिन आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली बालिका के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी गिरफ्तार कर लिया है। घटना को अंजाम देने वाला विद्यालय की भृत्य के पति ही है, जहां उसका आना-जाना होता रहता था। पुलिस ने आरोपी के  साथ ही अधीक्षिका के खिलाफ भी पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि 22 जुलाई को एर्राबोर थाना क्षेत्र के कन्या आवासीय विद्यालय पोटाकेबिन में पढ़ने वाली बालिका के साथ अज्ञात व्यक्ति ने दुष्कर्म किया था। इसकी  जानकारी बच्ची के माता-पिता को तब हुई जब वे साप्ताहिक बाजार करने के लिए आए थे, जिसके बाद बच्ची से मिलने आवासीय विद्यालय गए थे।  शिकायत के बाद पुलिस ने 24 जुलाई को अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच शुरू कर दी थी। इसके लिए कोंटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 8 सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने लगभग 50 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ करके व इतने ही मोबाइल, टॉवर डंप और घटनास्थल की बारीकी से जांच करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जांच के दौरान भृत्य के पति माड़वी हिड़मा (35) निवासी एर्राबोड़े को पीड़िता ने पहचान लिया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि आश्रम अधीक्षिका हिना खान (36) निवासी पोटाकेबिन एर्राबोर के द्वारा इस घटना की जानकारी अपने उच्च अधिकारियों के साथ ही कार्यालय एवं पुलिस को उचित समय पर नहीं दी गई। इसके चलते उसे भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here