मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम, ओम माथुर ने कार्यकर्ताओं का आभार माना, पुष्पवर्षा की

बिलासपुर।  भाजपा का संभाग स्तरीय कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह पुलिस परेड मैदान में मंगलवार को रखा गया। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने भाजपा के सभी जिलों के जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं का पुष्प वर्षा से अभिनंदन किया और मंच से हाथ जोड़कर प्रणाम किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रभारी ओम माथुर के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में भाजपा की जीत हुई है। 46% से ज्यादा वोट बीजेपी को विधानसभा चुनाव में प्राप्त हुए। समाज के सभी वर्गों का सहयोग हमें मिला। अभी सरकार को एक महीने भी  नहीं हुए हैं और हमने मोदी गारंटी के बड़े वादों को पूरा कर लिया है। राज्य कैबिनेट की प्रथम बैठक में 18 लाख गरीब लोगों को आवास स्वीकृत किया गया है। हमने 2 साल का बकाया बोनस भी अटलजी की जयंती पर किसानों को दिया। राज्य के 12 लाख से ज्यादा किसानों को 3716 करोड़ से ज्यादा का बोनस उनके खाते में अंतरित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पीएससी ने पिछले साल हमारे मेहनतकश बेटे- बेटियों के साथ खिलवाड़ किया था। इसकी सीबीआई जांच की अनुशंसा हमने कर दी है। उन्होंने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत भी जल्द ही एक हजार रुपए विवाहित महिलाओं के खाते में डाले जाने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 3100 के भाव में धान का दाम मिलेगा। यह राशि किसानों को एक मुश्त मिलेगी। साय ने कहा कि मोदी की गारंटी का एक-एक वादा हम अपने कार्यकाल में पूरा करेंगे। कार्यकर्ताओं को सभी 11 सीटों को जीतकर मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने की अपील की।

छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर ने सभी कार्यकर्ताओं को प्रणाम करते हुए कहा कि जब मैं पहली बार प्रभार मिलने के बाद छत्तीसगढ़ आया तो लोग कहते थे कि मध्य प्रदेश और राजस्थान में तो सरकार बन सकती है लेकिन छत्तीसगढ़ में नहीं। लेकिन जब मैंने राज्य का दौरा किया, कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली तो सरकार के प्रति इतना गुस्सा था कि मुझे विश्वास हो गया कि सरकार बना लूंगा। माथुर ने भी कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटें जीतनी हैं। आगे 3 महीने तक हम ना सोएंगे, ना बैठेंगे, ना विश्राम करेंगे, काम करेंगे ताकि मोदी जी की सरकार केंद्र में फिर बन सके।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा जिस तरह आप लोग निष्ठा पूर्वक दिन-रात एक कर राज्य में सरकार लाये हैं इसी तरह काम कर हमें मोदी जी को जिताना है। हम जनता से डबल इंजन की सरकार की बात कह कर सत्ता में आए हैं और यह तभी संभव होगा जब हम अपने यहां से सभी 11 सीटें जीत कर मोदी जी के नेतृत्व फिर से केंद्र में सरकार बनाएंगे।

समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से हमें छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक जीत मिली है। आपने बहुत संघर्ष किया उत्पीड़न झेला, लाठी खाई तभी सरकार बन पाई। सत्ता हमारे लिए लोगों की सेवा का एक जरिया भर है। हम जनता का काम करते रहेंगे। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि लोकसभा में ग्यारह सीटें जीतेने के लिए हमें कड़ी मेहनत करनी होगी। कड़ी मेहनत का नतीजा हमें विधानसभा चुनावों में दिखा है। सभा को मंत्री लखनलाल देवांगन और ओपी चौधरी ने भी संबोधित किया। विधायक अमर अग्रवाल धरमलाल कौशिक पुन्नूलाल मोहल्ले धर्मजीत सिंह ठाकुर सुशांत शुक्ला भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व विधायक रजनीश सिंह, अनुराग सिंहदेव सहित विभिन्न मोर्चा व मंडलों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

इस अवसर पर बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के पथरिया मंडल के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों के जोगी कांग्रेस व कांग्रेस के लगभग दो दर्जन कार्यकर्ताओं ने भाजपा में प्रवेश किया। सम्मेलन में पहुंचे विधानसभा चुनावों में हुई बड़ी जीत से कार्यकर्ता बहुत उत्साह से भरे हुए हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here