बिलासपुर। केंद्रीय जनजातीय राज्य मंत्री और सरगुजा सांसद रेणुका सिंह ने कहा है कि मंत्री टीएस सिंहदेव एक कमजोर नेता सिद्ध हुए हैं। उन्होंने सरगुजा की जनता को सीएम का दावेदार होने की बात कहकर ठगा है। उन्हें भाजपा में लेने का सवाल ही नहीं उठता है। रेणुका सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लव और जिहाद वाले मामले पर भी कहा है कि उन्हें ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।

बिलासपुर प्रवास पर आई केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह से पत्रकारों ने प्रतिक्रिया पूछी थी कि सिंहदेव ने कहा है कि प्रधानमंत्री भी कहेंगे तो वे भाजपा में नहीं जाएंगे। रेणुका सिंह ने कहा कि सिंहदेव जनता से किए गए चुनावी वायदों से पीछा छुड़ाना चाहते हैं, जबकि घोषणा पत्र उन्होंने ही तैयार किया था। उन्होंने सरगुजा की जनता से कहा था कि वे मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। इसलिए संभाग की पूरी 14 सीटें उनकी झोली में डाल दी थी। अब जनता उन्हें नहीं बख्शेगी। वे कमजोर नेता सिद्ध हुए हैं उन्हें भाजपा में लेने का सवाल ही नहीं है। प्रधानमंत्री तो छोड़िए, एक छोटा कार्यकर्ता भी उन्हें भाजपा में नहीं बुलाएगा। बाबा के गढ़ में हम भाजपा की जीत सुनिश्चित करने जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर में बयान दिया था कि भाजपा नेताओं की बेटियों ने मुस्लिमों से शादी की है तो भाजपा उसे लव मानती है और दूसरे करते हैं तो जिहाद कहा जाता है। रेणुका सिंह ने कहा कि कुछ लड़कियां संविधान में मिले अधिकार के तहत अपनी पसंद से शादियां करती हैं। पर यहां तो बहुत मामले उजागर हो रहे हैं, जिनमें धोखा देकर शादी की जाती है। आदिवासी लड़कियों को झांसा देकर शादी करते हैं, फिर उनके नाम पर जमीन खरीदते हैं। नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी करते हैं और उनको चुनाव लड़ाते हैं। मुख्यमंत्री को ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here