भाजपा ने कहा- एक शब्द के लिये 10 मंत्री मैदान में उतर गये, बघेल की जमीन की खिसक रही

रायपुर। भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रभारी के थूक वाले बयान पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जमकर हमला बोला है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ की महिलाओं और किसानों का अपमान बताया है। वहीं भाजपा ने इसमें सफाई देते हुए कहा कि दक्षिण भारतीय होने के कारण उनकी हिंदी के उच्चारण को गलत समझा गया है।

शनिवार को राजीव भवन रायपुर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता पुरंदेश्वरी के बयान पर प्रतिक्रिया देने के लिये रखी गई थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित उनके मंत्रिमंडल के 8 सदस्य भी इसमें उपस्थित थे।

बघेल ने बस्तर में बीजेपी के चिंतन शिविर पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि चिंतन शिविर में आदिवासी या नक्सल समस्या पर चर्चा नहीं हुई। बीजेपी के बड़े नेता यहां धर्मांतरण, ओबीसी को साधने की रणनीति और कांग्रेस पर हमला करने के लिए जमा हुए।
बघेल ने कहा कि पुरंदेश्वरी का बयान बीजेपी की नफरत की राजनीति के बारे में बताता है। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या, माता शबरी और मिनी माता की धरती है। यहां नारियों की पूजा होती है। इसलिए पुरंदेश्वरी भी सम्माननीय हैं, उनके बारे में कुछ नहीं कहूंगा।ज्ञात हो कि पुरंदेश्वरी ने गुरुवार को जगदलपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा था कि बीजेपी कार्यकर्ता थूक देंगे तो सीएम और उनकी सरकार बह जाएगी।
बघेल ने कहा कि बीजेपी प्रभारी कहती हैं कि उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती खुद बघेल और उनका किसान होना है। मुख्यमंत्री ने उनके इस बयान को थूक वाले बयान से जोड़ दिया और कहा कि वे किसान पहले हैं और मुख्यमंत्री बाद में। इसलिए पुरंदेश्वरी ने किसान पर थूकने की बात कही है। उनके मन में किसानों के प्रति घृणा है। यह बयान छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़िया का अपमान है, लेकिन उनकी सोच, उन्हें मुबारक। हमारे मन में नफरत या घृणा नहीं है।

सीएम ने आगे कहा कि बीजेपी की ओर से पुरंदेश्वरी के बयान पर कोई माफीनामा नहीं आया। इसका मतलब है कि बीजेपी का राष्ट्रीय नेतृत्व भी किसानों से नफरत करता है। ये लोग नफरत की फसल बो रहे हैं।
मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों की प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा ने भी प्रतिक्रिया देते हुए पत्रकारों से बात की। पार्टी के वरिष्ठ नेता विष्णुदेव साय ने कहा कि डी पुरंदेश्वरी दक्षिण भारत की हैं। हिंदी में एक शब्द के उनके उच्चारण के लिए मुख्यमंत्री सहित पूरा मंत्रिमंडल उद्वेलित हो गया है। एक शब्द के लिए यदि 10 मंत्री मैदान में उतरते हैं, तो स्पष्ट है कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। बघेल को लगने लगा है कि उनकी जमीन खिसक रही है। साय ने कहा कि पुरंदेश्वरी का बयान केवल कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए था, जिसे कांग्रेस किसानों के प्रति नफरत बताकर भ्रम फैला रही है।
पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि पुरंदेश्वरी का बयान इतना बड़ा मुद्दा नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपमानजनक बयान दिया था। बघेल के राजनीतिक गुरु दिग्विजय सिंह ने मीनाक्षी नटराजन के लिए आपत्तिजनक शब्द कहे थे। क्या बघेल इन बयानों की निंदा करेंगे। कांग्रेस का प्रदेश संगठन भी अब सरकार के साथ मिल कर इस मुद्दे पर हमला बोलने की तैयारी में है। शनिवार को ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पुरंदेश्वरी के बयान के विरोध में 5 सितंबर को प्रदेश के समस्त जिला और शहर कांग्रेस कमेटी मुख्यालयों में बीजेपी का पुतला दहन करने की घोषणा की है।

दूसरी ओर, भाजपा की कोशिश मुख्यमंत्री को घेरने की है। बयान को छोटा मुद्दा बताकर पार्टी नेता इसीलिए बघेल के शक्ति प्रदर्शन पर जोर दे रहे हैं। मंत्रियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को भाजपा नेता मुख्यमंत्री के शक्ति प्रदर्शन के रूप में प्रचारित कर रहे हैं। पार्टी इसके जरिये कांग्रेस के आंतरिक मतभेदों पर हमला कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here