*अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री स्वर्गीय बी.आर.यादव की प्रतिमा का अनावरण

*मुख्यमंत्री ने नगर निगम क्षेत्र में तीन करोड़ 59 लाख रुपए से ज्यादा का कार्यों का लोकार्पण किया

*विकास कार्यों के लिये नगर निगम बिलासपुर को 10 करोड़,

*नगर पालिका रतनपुर, तखतपुर और तिफरा को एक-एक करोड़

*नगर पंचायतों को 50-50 लाख देने की घोषणा

बिलासपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को बृहस्पति बाजार में स्थापित अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री स्व.श्री बी.आर.यादव की आदमकद प्रतिमा अनावरण के साथ ही नगर निगम क्षेत्र में 3 करोड़ 59 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने विकास कार्यों के लिये नगर निगम को 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद रतनपुर, तखतपुर और तिफरा को एक-एक करोड़ और नगर पंचायत कोटा, बोदरी, बिल्हा, सकरी, मल्हार, पेण्ड्रा, सिरगिट्टी, गौरेला को 50-50 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।

बघेल ने कार्यक्रम में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनाने से लेकर सामाजिक आंदोलनों, विकास के कार्यों में स्व.श्री यादव का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने  बताया कि बहतराई में नवनिर्मित अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम का नाम स्व.श्री यादव के नाम पर किया जा चुका है।

अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद जिस तरह परिवार का विभाजन होने पर दुख होता है, वही दुख उन्होंने महसूस किया लेकिन प्रसन्नता है कि राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ में तेजी से प्रगति हुई। नैसर्गिक संसाधनों से भरपूर इस राज्य ने प्रगति की ओर सतत् कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व से छत्तीसगढ़ में उत्तरोत्तर विकास होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि स्व. यादव सीधे, सहज, सरल व्यक्तित्व के मालिक थे। प्रभारी मंत्री होने के नाते वे यह प्रयास करेंगे कि बिलासपुर में विकास का एक अच्छा वातावरण निर्मित हो। विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने कहा कि बिलासपुर और छत्तीसगढ़ के विकास के लिये स्व. यादव ने जो कार्य किया है, उनके कार्य को आगे बढ़ायें। उन्होंने प्रदेश में सभी धर्मों, समुदाय, वर्गों के लिये सौहार्द्र का वातावरण निर्मित किया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व विशाल था। कार्यक्रम को बिलासपुर के विधायक शैलेष पाण्डेय, स्व.यादव के पुत्र कृष्ण कुमार यादव व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया।

बघेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 27 हितग्राहियों को 15 लाख रुपये से ज्यादा की राशि प्रथम किस्त के रूप में प्रदान की साथ ही राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत 18 समूहों को एक लाख 80 हजार रुपये का आवर्ती निधि एवं दो हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किये।

कार्यक्रम में स्वर्गीय यादव की धर्मपत्नी शांति देवी यादव, खेल व युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल, तखतपुर विधायक रश्मि सिंह ठाकुर, महापौर किशोर राय, विधायक मोहित केरकेट्टा, धरमजीत सिंह ठाकुर, रामकुमार यादव, पूर्व सांसद कमला मनहर, रामाधार कश्यप, रामेश्वर नीखरा, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शेख नजरूद्दीन, पूर्व महापौर राजेश पाण्डेय, पूर्व बीडीए अध्यक्ष शेख गफ्फार, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर, कलेक्टर डॉ. संजय अलंग, राउत नाच महोत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ. कालीचरण यादव, नगर निगम के पार्षद व गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here