बिलासपुर। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की 75वीं जयंती को आज कांग्रेस ने सद्भावना दिवस के रूप में मनाया। विधायक शैलेष पांडेय के साथ कांग्रेस जनों ने राजीव गांधी चौक पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें याद किया। दिल्ली में 22 अगस्त को आयोजित हो रहे जयंती समारोह में जिले के कांग्रेसी भी शामिल होंगे। विभिन्न सरकारी कार्यालयों में सद्भावना की शपथ ली गई। मल्हार नवोदय विद्यालय में वृक्षारोपण किया गया।

राजीव गांधी चौक पर कांग्रेसियों ने स्वर्गीय प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। विधायक शैलेष पांडेय ने इस मौके पर कहा कि राजीव गांधी मानवीय मूल्यों को लेकर सतर्क थे। किसी भी तरह के विकास में आम आदमी की भागीदारी को उन्होंने हमेशा प्राथमिकता दी। उन्होंने देश को 21वीं सदी में पहुंचाने के लिए दूरदर्शी सोच के साथ काम किया और किसानों के जीवन स्तर में सुधार लाया।

स्व. राजीव गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने समारोह रखा है, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित सभी बड़े नेता शामिल होने जा रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय ने बताया कि जिले के पदाधिकारी, ग्राम पंचायत और नगरीय निकायों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में कल 21 अगस्त को दिल्ली रवाना होंगे।

कलेक्टोरेट में कलेक्टर डॉ. संजय अलंग ने आज सुबह 11 बजे अधिकारियों, कर्मचारियों को जाति, सम्प्रदाय, क्षेत्र, धर्म व भाषा का भेदभाव किये बिना एकता और सद्भावना के लिए कार्य करने की शपथ दिलाई। जवाहर नवोदय विद्यालय मल्हार में सद्भावना दिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण व सांस्कृतिक कार्यक्रम रखा गया, जिसमें संभागायुक्त बीएल बंजारे, कलेक्टर डॉ. संजय अलंग व जिला पंचायत के सीईओ ने भी छात्र-छात्राओं व शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ पौधे रोपे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here