बिलासपुर। संभाग स्तरीय कोविड -19 चिकित्सालय बिलासपुर को अपने प्रारंभिक अवस्था में एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। राज्य सरकार का पहला कोविड हॉस्पिटल है जहां से तीन कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गये हैं। दूसरी ओर आज शाम कोरबा जिले से 7 और कोटा विकासखंड से एक मरीज को भर्ती किया गया है।

कोविड अस्पताल की प्रभारी डॉ. मधुलिका सिंह ठाकुर ने बताया कि आज तीन मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। इनमें दो पुरुष तथा एक महिला हैं। ये 15 मई को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती हुए थे। इन तीनों मरीजों का स्वाब सैंपल दो बार 24 घंटे के अंतराल में निगेटिव आया, जिसके पश्चात् उन्हें अस्पताल से आज दोपहर दो बजे डिस्चार्ज किया गया। ये सभी जांजगीर-चाम्पा के रहने वाले हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जांजगीर चाम्पा को निर्देशित किया गया है कि वे मरीजों को 14 दिन के लिए क्वारांटीन पर रखें। तीनों मरीज स्वस्थ एवं प्रसन्न थे तथा उन्होंने सभी का आभार जताया। डॉ. ठाकुर ने कहा कि इस सफलता में जिला प्रशासन, नगर-निगम तथा अस्तपाल के स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

अस्पताल में आज कोरबा जिले के 7 तथा ग्राम अमने, कोटा के एक मरीज को भर्ती किया गया है। इस समय संभागीय कोविड अस्पताल में 18 मरीजों का उपचार चल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here