बिलासपुर। एक अगस्त को हरेली त्यौहार पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बिलासपुर जिले में होंगे। एक ओर जिला प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है, वहीं कांग्रेस ने हर एक ब्लॉक में त्यौहार मनाने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री बघेल नेवरा, तखतपुर के ग्रामीणों के साथ एक अगस्त को हरेली तिहार मनायेंगे। यहां से बघेल जिले के 26 गौठानों का लोकार्पण करेंगे। नेवरा के गौठान स्थल पर मुख्यमंत्री द्वारा कृषि औजारों के साथ-साथ पशुधन की पूजा की जाएगी। गौठान में बनाये गये बछड़ा, गाय एवं चरवाहे की मूर्ति का वे अनावरण करेंगे।  वे छत्तीसगढ़ की परंपरा के अनुरूप नीम की टहनी गौठान में लगायेंगे और जानवरों को कलेवा खिलाएंगे। कटोरे में चरवाहे को दूध दिया जाएगा, जिसका वे गौठानों में छिड़काव करेंगे। चरवाहों को नारियल और लाठी देकर एवं खुमरी पहनाकर रोका-छेका की रस्म की जाएगी। छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा के अनुरूप सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक खेल गेड़ी, नारियल फेंक, बिल्लस  आयोजित होंगे। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्टाल लगाया जाएगा। इसमें ठेठरी, खुरमी, पपची, चीला, फरा, करी लड्डू, टमाटर की चटनी का स्वाद लोगों को मिलेगा। स्थानीय किसानों द्वारा उगाए सब्जियों की प्रदर्शनी लगायेगा। किसानों को सब्जी मिनी किट बांटा जाएगा। प्राकृतिक खाद, स्वाइल हेल्थ कार्ड , कृषि यंत्र का वितरण किया जाएगा। वनांचल क्षेत्र के महिला स्वसहायता समूहों द्वारा निर्मित सामग्री का प्रदर्शन तथा वनोषधियों का प्रदर्शनी एवं बिक्री की जाएगी। हरा चारा, अजोला का प्रदर्शन होगा। गौठान के जानवरों का उपचार भी किया जाएगा।

पर्व के भव्य आयोजन के लिए कलेक्टर डॉ. संजय अलंग के मार्गदर्शन में तैयारी चल रही है। कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक लेकर इस संबंध में विस्तृत चर्चा की। बैठक में कलेक्टर ने हरेली तिहार के दिन जिला स्तर पर ग्रामीण खेल कूद प्रतियोगिता भी आयोजित करने कहा। बहतराई स्टेडियम में भी पारंपरिक छत्तीसगढ़ी खेल गेड़ी, कबड्डी, खोखो, बिल्लस आदि की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगीं। खेल का सुचारू आयोजन करने के लिए एसडीएम बिलासपुर और जिला खेल अधिकारी को निर्देश दिये गये। साथ ही इसमें अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर बीएस उईके, एसडीएम कोटा कुणाल दुदावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

कांग्रेस का हर ब्लॉक में आयोजन, अवकाश की घोषणा का स्वागत

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण राय ने बताया कि हरेली को सभी ब्लॉक में कांग्रेस कमेटियां यह त्यौहार मनायेगी। इसके लिए जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी व शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर ने ब्लॉक कमेटियों को निर्देश दिया है। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने कहा है कि हरेली, करमा, तीजा और छठ पूजा के लिए मुख्यमंत्री ने अवकाश की सौगात भक्तों को दी है। इस दिन ब्लॉकों में कांग्रेस की ओर से गेड़ी नृत्य, भौंरा, नरियल फेंक जैसे पारम्परिक खेल होंगे।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here