बिलासपुर से आम आदमी पार्टी प्रत्याशी शैलेष आहूजा ने भाजपा कांग्रेस समेत शहर के अन्य राजनीतिक दलों पर जमकर निशाना साधा है। उनका कहना है कि वे सीवरेज के भ्रष्टाचारियों को जेल भेजकर रहेंगे।  वे कहते हैं कि मंत्री जी को यदि चुनाव लड़ना है तो मेरी तरह वे भी शपथ पत्र के साथ जनता के सामने आएं।

बिलासपुर लाइव की टीम ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ‘आप‘ प्रत्याशी शैलेष आहूजा से खास बातचीत की इसके प्रमुख अंश इस प्रकार हैः-

सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की हालत पर

मैं एक आम आदमी हूं, इस शहर के सभी नागरिक जो संघर्ष कर रहे हैं वहीं मैं भी कर रहा हूं। घर से निकलने पर सड़कों की हालत मेरे लिए भी खराब है, ट्रैफिक मेरे लिए भी जाम है, मेरे बच्चे भी स्कूल जाते हैं, तबियत खराब होने पर मैं भी अस्पताल जाता हूं, पब्लिक लाईफ मैं भी व्यतीत करता हूं। मैंने शहर के सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की हालत देखी। अस्पतालों की हालत देख ऐसा लगता है सरकार प्राइवेट डॉक्टरों के एजेंट के रूप में काम कर रही है। जो पैसा सरकार बांट रही है अगर उससे अस्पताल बनवा दे तो इलाज के लिए गरीबों को अपोलो अस्पताल में पैसा देना नहीं पड़ेगा।

मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार सबसे बड़ी समस्या

भाजपा की सत्ता में सबसे बड़ी समस्या भ्रष्टाचार है, अगर बेनामी सम्पत्ति अधिनियम का सही उपयोग किया जाए तो इनके आधे से ज्यादा मंत्री करोड़ों की बेनामी सम्पत्ति बनाने के जुर्म में जेलों में बंद रहेंगे। यही हालत 15 साल पहले कांग्रेस के सत्ता में होने पर थी। जनता ने सत्ता से हटाकर विकल्प के रूप में भाजपा को चुना था। लेकिन अब भाजपा का विकल्प कांग्रेस नहीं है। भ्रष्ट भाजपा,  भ्रष्ट कांग्रेस इसलिए तीसरे विकल्प के रूप में हम जनता के सामने उभरेंगे।

मंत्री का नहीं, कानून का शासन चलेगा

हमारी पार्टी में कोई राजनेता नहीं है हम आम आदमी हैं। यदि शहर की जनता मुझे विधायक बनाती है तो इस दौरान जो मैं जनता की सेवा करने वाला हूं उसकी कल्पना किसी ने नहीं की होगी। मैं कसम खाता हूं मैं बिलासपुर की भलाई के लिए वकालत करूंगा। अब शहर में किसी मंत्री का नहीं कानून का शासन चलेगा।

आम आदमी पार्टी ही क्यों?

पार्टी प्रमुख अरविन्द केजरीवाल ने जिस दबंग तरीके से बदलाव की राजनीति की है, उसका मेरे जीवन पर बहुत प्रभाव पड़ा है। मैं उनसे अन्ना आन्दोलन के समय से जुड़ा रहा। भाजपा और कांग्रेस की पार्टी में जाने की मैं कल्पना भी नहीं करता। मेरे कुछ दोस्त भाजपा और कांग्रेस में हैं। वो बताते हैं कि इस इन पार्टियों में टिकट को लेकर करोड़ों रूपए के लेन-देन होते हैं। मैं साधारण वकील हूं अभी 90 सीटों पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी चुनाव लड़ने वाले हैं। जिन सीटों पर हमारे प्रत्याशी चुनाव लड़ने के लिए आर्थिक रूप से कमजोर है उसको उपर से निर्देश है कि वो जनता के बीच कटोरा लेकर जाए और जनता से भीख मांगे।

कांग्रेस पार्टी के जेल की रणनीति पर….

कांग्रेस पार्टी के लिए बस इतना कहूंगा कि वो अपने अस्तित्व को बचाने में लगी है, जो यहां के विधायक ने समाप्त कर दिया है। लाठी चार्ज की घटना का ये इतना प्रचार करने की जगह जनता के घर-घर जाकर उनकी समस्याएं सुनते तो ज्यादा अच्छा होता। शहर का बच्चा- बच्चा जानता है कि कांग्रेस के प्रत्याशी की घोषणा होने के बाद जो बाकी प्रत्याशी बचते हैं वे सभी बिलासपुर विधायक की गोदी में बैठ जाते हैं और कांग्रेस को कांग्रेस ही हराती है।

 छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के प्रत्याशी के बारे में..

उनके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा, क्योंकि ये तो बिल्डर हैं उनको सलाह है अपने प्रापर्टी के काम धंधे करें, जिससे कुछ फायदा हो। शहर की जनता तय कर चुकी है किसी बिल्डर को नहीं चुनेंगे। ये भू-माफिया की तरह आते हैं और शहर की जमीनों पर कब्जा कराते हैं। इनके राजनेता राजनीति की आड़ में व्यवसाय कर रहे हैं।

शपथ पत्र का वीडियो….

मैं एक अधिवक्ता हूं और जो वीडियो में दिख रहा है वह 15 बिन्दुओं पर मेरा शपथ पत्र है। उस शपथ पत्र की मैं हजारों कॉपियां बंटवा रहा हूं। झूठा शपथ पत्र देना अपराध है यह मैं अच्छे से जानता हूं। अगर बिलासपुर की जनता मुझे विधायक बनाती है तो मैंने तय किया है कि यह काम मैं प्रमुखता से करूंगा।

मैं बाम्बे, दिल्ली व मेट्रो शहरों की उड़ान शुरू कराकर रहूंगा।

-जितने झुग्गी झोपड़ी वाले वाले हैं, उनके लिए अच्छे घरों की व्यवस्था करूंगा।

-अरपा मैयां को टेम्स नदी बनाने का जो झूठा सपना दिखाया गया है, उसे सच में मै बनवाउंगा।

-शहर के सभी तालाबों की खराब स्थिति को ठीक करूंगा।

– मैं कसम खाता हूं सीवरेज के भ्रष्टाचारियों को जेल भेज कर ही रहूंगा।

इस शहर का बच्चा-बच्चा धूल और पर्यावरण से बीमार है। लेकिन उन बीमारों के लिए अस्पताल नहीं है।आपने बीमारी दी है तो अपोलो की तर्ज पर अस्पताल भी देना था। मंत्री बताते हैं कि 7 लाख रुपए में चुनाव लड़ रहे हैं इधर शराब, कंबल, मोबाइल, पैसा बांट करोड़ों खर्च कर चुनाव लड़ते हैं। 15 साल से आप शहर की जनता के लिए बोझ बन चुके हो। इस बार जनता आपको नकार चुकी है, अगर आपको इस बार चुनाव लड़ना है तो आप शपथ पत्र के साथ आइए। आप 7 लाख में चुनाव लड़ते हैं और अपने एक जन्मदिन पर करोड़ो रूपए खर्च करते हैं।

मदद के लिए तत्पर

जब भी मेरे पास लोग अपनी समस्या लेकर आते हैं चाहे वह तहसील, कोर्ट, कार्यालय, कलेक्टोरेट, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, हेल्थ विभाग, कृषि कोई भी विभाग का काम हो वे लोगों की मदद करते हैं।

डॉ. आहूजा हाईकोर्ट में वकालत करते हैं। कानून में उन्होंने स्नातकोत्तर डिग्री ली है, तथा डॉक्टर की उपाधि हासिल की है। बार कौंसिल के माध्यम से वे लगातार वकीलों की समस्याओं को भी उठाते रहे हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here