जीजा से वसूलने थे रुपए, साले को बनाया था बंधक

विधानसभा चुनाव करीब आते ही पुराने गंभीर मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ पुलिस ने तेज कर दी है। इसी सिलसिले में आज पुलिस की क्राइम ब्रांच शाखा ने व्यापारी का अपहरण कर बंधक बनाने के तीन माह पुराने मामले में फरार आदतन बदमाश हितेन्द्र सिंह को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

परसदा के रामा वैली निवाली अमर पंजवानी को गीतांजलि फेस टू निवासी आरोपी हितेन्द्र उर्फ हित्तू सिंह ने बीते 11 जुलाई को अपने घर पर बुलाकर वहां उसे बंधक बना लिया। आरोपी को अमर पंजवानी के जीजा राजकुमार भोजवानी से लेन-देन का हिसाब करना था। आरोपी हितेन्द्र ने अमर से राजकुमार के बारे में पूछताछ की। अमर उसके बारे में नहीं बता पाया। रात 10 बजे तक उसे बंधक बनाकर पीटा गया और उसके बाद उसे छोड़ दिया गया। रात में छूटने के बाद उनसे बचते हुए अपने एक परिचित मुरारी लाल के पास पहुंचा। तब आरोपी हितेन्द्र ने उसे फिर पकड़ लिया और फिर उसकी पिटाई कर ली। दूसरे दिन उसने मामले की शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों से की। पुलिस ने सरकंडा थाने जाकर अपराध दर्ज कराने के लिए कहा। सरकंडा पुलिस ने हितेन्द्र के खिलाफ धारा 294,342,323 व 506 के तहत अपराध दर्ज किया। बाद में एस पी के निर्देश पर इसमें अपहरण की धारा 365 भी जोड़ी गई।

अपराध दर्ज होने के बाद पुलिस हितेन्द्र सिंह की तलाश कर रही थी। क्राइम ब्रांच को आज सूचना मिली कि आरोपी हिरेन्द्र रामा वैली कॉलोनी में घूमते हुए दिखा है। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देकर एएसआई हेमन्त आदित्य, अनिल साहू आदि की टीम ने परसदा रामा लाइफ सिटी से आरोपी को घेराबंदी कर धर दबोचा। उसे सरकंडा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here