जगदलपुर। बस्तर जिले के एक चूना पत्थर खदान का कुछ हिस्सा गिरने से उसमें दबकर सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 महिलाएं हैं। मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों को सहायता देने की घोषणा की है।  

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना जिला मुख्यालय जगदलपुर से करीब 12 किलोमीटर दूर नगरनार थाना क्षेत्र के मालगांव की है। शुक्रवार को दुर्घटना तब हुई जब ये श्रमिक खदान में मिट्टी खोद रहे थे। इस दौरान एक हिस्सा धंस गया, जिसके मलबे में सभी धंस गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और सीआरपीएफ टीम वहां पहुंची और उसने बचाव अभियान शुरू किया। पांच लोगों की मौत खदान में ही हो गई थी, वहीं दो अन्य ने अस्पताल लाते समय दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना के समय वहां पर 12 लोग मिट्टी खोदने के काम में लगे थे। मलबे में कुछ और लोग दबे हो सकते हैं। इस समय बचाव कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्घटना में मारे गए श्रमिकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और पीड़ितों के परिवार को चार-चार लाख रुपये सहायता देने की घोषणा की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here