कार्यक्रम में विधायक अमर, सुशांत व ओडिशा की सांसद अपराजिता रहीं मौजूद

बिलासपुर महतारी वंदन योजना के तहत बिलासपुर जिले की 4 लाख 26 हजार 587 महिलाओं के खाते में एक साथ पहली किश्त के 42 करोड़ रुपये जमा हो गए। राशि जमा होने का मेसैज मिलते ही महिलाएं खुशी से झूम उठी।
जिले का मुख्य समारोह बहतराई स्थित इनडोर स्टेडियम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, ओडिशा की सांसद अपराजिता सारंगी, कलेक्टर अवनीश शरण सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
स्टेडियम में महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुना। कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत छत्तीसगढ़ की 70 लाख से अधिक माताओं बहनों को हर महीने एक हजार रुपए देने का वायदा सरकार ने पूरा किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार ने अपनी एक और गारंटी पूरी की है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया यह कदम छत्तीसगढ़ की आधी आबादी के सपनों को पूरा करने की दिशा में बड़ी छलांग है। मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं को सम्मान देने और सशक्त करने यह योजना लागू की गई है। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि मोदी नाम ही गारंटी है। आज समस्त महिलाओं को वंदन करने का दिन है।
ओडिशाकी लोकसभा सांसद अपराजिता सारंगी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कलेक्टर श्री अवनीश शरण ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग की 8 परियोजनाओं में कुल मिलाकर 4 लाख 26 हजार 587 महिलाओं को योजना के तहत प्रथम किश्त की राशि आज जारी की गई। निर्धारित तिथि तक कुल 4 लाख 27 हज़ार 227 महिलाओं ने आवेदन दिया था, परीक्षण में 640 महिलाओं के आवेदन विभिन्न कारणों से निरस्त हुए।
जिला स्तरीय समारोह के साथ जनपद स्तर पर भी सम्मेलन का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में महिलाओं ने छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम और गानों का भी आनंद उठाया। विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here