बिलासपुर। महापौर रामशरण यादव ने मंगलवार की सुबह सिरगिट्टी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10, 11 व 12 का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और लोगों ने नाली, पानी और सड़क की समस्या से उन्हें अवगत कराया। इस पर मेयर यादव ने सिरगिट्टी क्षेत्र के लिए नाली, पानी और सड़क के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाने की बातें कही।

यादव ने मंगलवार को सिरगिट्टी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। वार्ड क्रमांक 10 और 11 एवं 12  वार्ड में गर्मी के दिनों में पानी की बहुत समस्या होने की बात लोगों ने बताई। यादव ने क्षेत्र के अधिकारियों को तलब किया और क्षेत्र में पानी की उपलब्धता और आपूर्ति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में गर्मी के दिनों में जल-स्तर बहुत नीचे चला जाता है। पूर्व में यहां जल आवर्धन के तहत पानी सप्लाई की जाती थी, लेकिन बीच-बीच से पाइप गायब होने कारण एवं बोर फेल होने के कारण पानी सप्लाई बाधित हो गई है। इस पर यादव ने पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराने और क्षेत्र के लोगों को जरूरत के हिसाब से पानी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। यादव ने कहा कि सिरगिट्टी क्षेत्र के लिए 9 करोड़ 15 लाख रुपए की जल आवर्धन योजना स्वीकृत है। यह कार्य होने पर क्षेत्र के लोगों को भरपूर पानी मिलेगा। कार्य के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश रामशरण यादव ने निगम के अधिकारियों को दिया।

यादव ने नयापारा संतोषी मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण किया। लोगों ने संतोषी मंदिर से लगे हुए सड़क चौड़ीकरण में रेलवे बाउंड्रीवाल आने के कारण परेशानी होने की बात कही। इसपर यादव ने सड़क के लिए जगह उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन से बात करने की बात कही।  निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य पार्षद पुष्पेंद्र साहू वार्ड, क्रमांक 11 के पार्षद रवि साहू एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here