राकांपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा पवार और प्रफुल्ल पटेल नहीं रहे तो हम भी पार्टी में नहीं रहेंगे

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नोबेल वर्मा ने कहा कि अगर पार्टी में शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल नहीं तो नोबेल वर्मा सहित छत्तीसगढ़ के तमाम पदाधिकारी भी पार्टी के साथ नही रहेंगे। शुक्रवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि शरद पवार के इस्तीफे से नाराज होकर उन्होंने भी छत्तीसगढ़ की प्रदेश इकाई के तमाम विंग के सभी पदाधिकारियों के साथ अपने अपने सभी पदों से इस्तीफा दे चुके थे। हालांकि अब शरद पवार के पद पर बने रहने के निर्णय के बाद विषय समाप्त हो चुका है।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी छत्तीसगढ़ क आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में तन मन धन से जुट गई है।पूर्व विधायक ने आगे कहा कि शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल ही पार्टी की रीढ़ हैं और उनके बगैर पार्टी की पहचान नहीं है। शरद पवार भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ देश में एक मोर्चा तैयार करा रहे हैं इसलिए भी उनका पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर बने रहना जरूरी है।

छत्तीसगढ़ की राजनीति पर उन्होंने कहा कि 15 साल की भाजपा सरकार की ही तरह कांग्रेस की साढे 4 साल की सरकार भी भ्रष्टाचार में डूबी है। अगर वर्तमान विधायकों को कांग्रेस फिर से टिकट दे देती है तो आधे से ज्यादा विधायक हार जाएंगे। वर्मा ने इस संभावना से इनकार नहीं किया है कि आगामी दिनों में एनसीपी का भी विधायक मुख्यमंत्री बन सकता है। उन्होंने इस बात को झारखंड से जोड़ा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ चुनावी समझौता होगा या नहीं अभी नहीं कहा जा सकता, पर जो परफॉर्मेंस कांग्रेस का अभी दिखाई दे रहा है वह इन्हें सत्ता से बाहर करने के लिए पर्याप्त है। उन्होंने एक ऑडियो भी सुनाया जिसमें एक कांग्रेसी विधायक पार्टी के कार्यकर्ताओं व क्षेत्र के नागरिकों के पीछे अनाप-शनाप खर्चा करने की बात कह रहे हैं।उन्होंने कहा कि साल के वेतन से 4 गुना ज्यादा खर्चा किया जाना जमकर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश महासचिव संजय सिंह चौहान, प्रदेश प्रवक्ता नीलेश विश्वास, प्रदेश महामंत्री पुरुषोत्तम पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here