बिलासपुर । जिले में परम्परागत उत्साह एवं उमंग के साथ 71वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। मुख्य समारोह जिला मुख्यालय के पुलिस ग्राउण्ड में आयोजित किया गया, जिसमें संसदीय कार्य, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, पशुधन विकास, मछली पालन, जल संसाधन एवं आयाकट मंत्री रविन्द्र चौबे ने ध्वजारोहण किया एवं परेड की सलामी ली। इस बार समारोह में पहली बार महिलाओं के हाथों परेड की कमाण्ड थी।

चौबे ने साथ खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण पश्चात उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। तत्पश्चात शांति के प्रतीक सफेद कबूतर और तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। इसके पश्चात जवानों द्वारा हर्ष फायरिंग की गई। हर्ष फायर पर राष्ट्रगान की धुन भी हुआ।

पहली बार महिलाओं के हाथों परेड की कमाण्ड

इस समारोह में महिलाओं के हाथों परेड की कमाण्ड थी। परेड कमांडर प्रशिक्षु डीएसपी सुश्री श्रृष्टि चंद्राकर और सेकेण्ड इन कमाण्ड प्रशिक्षु डीएसपी ललिता मेहर के नेतृत्व में पुलिस विभाग व केन्द्रीय जिला जेल के बैंड की धुन पर 14 टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। जिसमें सशस्त्र पुलिस बटालियन बल सकरी, जिला पुलिस बल पुरुष, जिला पुलिस बल महिला, नगर सेना बल पुरुष एवं महिला, एनसीसी सीनियर बालक, एनसीसी सीनियर बालिका, एनसीसी जूनियर बालक एवं बालिका, अटल बिहारी बाजपेयी विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, गाइड, स्काउट के साथ पहली बार छात्रों का विशेष पुलिस कैडेट दस्ता और जवाहर नवोदय विद्यालय मल्हार के दस्ते ने आकर्षक मार्चपास्ट किया।

समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा मास पीटी का प्रदर्शन किया गया। इसमें 16 स्कूलों के एक हजार से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की थीम पर छत्तीसगढ़ के लोक जनजीवन, संस्कृति पर आधारित छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्यों ने अतिथियों के साथ-साथ दर्शकों का भी खूब मनोरंजन किया। समारोह में 20 विभागों द्वारा गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की थीम और छत्तीसगढ़ के विकास को प्रदर्शित करती जीवंत झांकियां प्रदर्शित की गई।

केन्द्रीय जेल बिलासपुर ने भव्य झांकी का प्रदर्शन कर दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। बंदियों द्वारा शानदार मल्लखंभ और गेड़ी नृत्य का जीवंत प्रदर्शन किया गया। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन ठेठरी, खुरमी, चीला, बरा, बोबरा के साथ प्लास्टिक मुक्त छत्तीसगढ़ के लिये लोगों को जागरूक करती हुई झांकी, जल संसाधन विभाग की बिलासपुर शहर में अरपा नदी के प्रस्तावित बैराज की झांकी, स्वास्थ्य विभाग का तंबाकू निषेध जागरूकता अभियान, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना को प्रदर्शित करती झांकी सहित अन्य विभागों ने आकर्षक झांकियां निकालीं। ,

समारोह में जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया गया। नक्सली घटनाओं में शहीद हुए जवानों के परिजनों को कृषि एवं जल संसाधन मंत्री चौबे ने शाल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह के अंत में मुख्य अतिथि के हाथों श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में कु. अनुष्का भगत को तैराकी में और रजनी धृतलहरे को किक बॉक्सिंग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिये मेजर ध्यानचंद पुरस्कार दिया गया। उन्हें 11-11 हजार रुपये नगद और प्रशस्ति पत्र दिया गया। उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों और पुलिस विभाग के कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

समारोह में बिलासपुर के विधायक शैलेष पाण्डेय, संभागायुक्त बी.एल.बंजारे, आई.जी. पुलिस प्रदीप गुप्ता, नगर निगम महापौर रामशरण यादव, जिले के प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और आम लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here