बिलासपुर। पिछले एक माह से लॉकडाउन में फंसी भिलाई की मजदूर महिला को दोपहर उसके घर भेज दिया गया। श्रम विभाग के सचिव व श्रमायुक्त सोनमणि बोरा ने संवेदना के साथ इसमें खुद रुचि ली जब उन्हें पता चला कि महिला के छोटी बहन की कल रात भिलाई में मौत हो गई जो वहां उसके विकलांग पति और छोटी सी बच्ची की देखभाल करती थी।


लॉकडाउन में अनेक लोग विषम परिस्थितियों से जूझ रहे हैं। जो घरों तक नहीं पहुंच पाये उनकी स्थिति और बुरी है। बिलासपुर में मजदूरी करने के लिए आई नूरी बेगम के साथ समस्या कुछ अधिक गंभीर थी। सुपेला भिलाई के वार्ड नं पांच के फरीदनगर इलाके में उसका घर है जहां वह लॉकडाउन लगने के कारण नहीं पहुंच पाई। नगर निगम बिलासपुर के नेहरू काम्पलेक्स स्थित रैन बसेरा में उसके ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई थी लेकिन उसका ध्यान अपने घर पर ही था, क्योंकि उसका पति विकलांग है और घर पर एक छोटी बच्ची भी हैं। इनकी देखभाल उनकी छोटी बहन भिलाई में कर रही थी। कल देर रात वह यह खबर पाकर और बेचैन हो गई कि भिलाई में उसकी बहन की मौत हो गई है। अब वह तुरंत अपने घर पहुंचना चाहती थी।

श्रम उपायुक्त ज्योति शर्मा ने बताया कि हाल के दिनों में इस तरह की आपात् परिस्थितियों में करीब 10 और मजदूरों को उनके घर भेजा गया है। इनमें चार कोरिया, चार जशपुर तथा दो रायगढ़ के हैं।

किसी तरह से इस बात की जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता प्रियंका शुक्ला को मिली। उन्होंने आज श्रम सचिव सोनमणि बोरा को इसकी जानकारी ट्वीट करके दी। बोरा ने इस संवेदनशील मामले को तत्परता से हल किया। उन्होंने खुद एक सरकारी गाड़ी बिलासपुर रवाना की और यहां पर श्रम विभाग को जरूरी निर्देश दिये। बिलासपुर में सहायक श्रमायुक्त ज्योति शर्मा ने कलेक्टर से उक्त महिला के भिलाई भेजने के लिए कलेक्टर डॉ. संजय अलंग से अनुमति ली। इसके बाद महिला को बोरा द्वारा भेजे गये वाहन से भिलाई रवाना किया गया है। रैन बसेरे में ही पिछले एक माह से फंसे एक अन्य मजदूर भारत सिंह ने भी अपने घर जाने की अनुमति मांगी जिसे भी इसी वाहन से उसके घर रायपुर रवाना किया गया। श्रम विभाग ने वाहन में फूड पैकेट, मास्क व सैनेटाइटर आदि की व्यवस्था भी की। भिलाई में बोरा के निर्देश पर श्रम विभाग ने नूरी बेगम के परिवार को खाद्यान्न की व्यवस्था कराई है। शाम करीब 4.45 बजे वह भिलाई पहुंच भी गई, जिसकी जानकारी बोरा ने ट्वीट करके दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here