बिलासपुर। जिले में चार दिन बाद कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 10 के पार पहुंची। गुरुवार को 17 नए कोरोना मरीजों की पहचान हुई है। इनमें शहरी क्षेत्र में 11 व ग्रामीण क्षेत्रों में छह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

तिफरा, कुदुदण्ड, सिरगिट्टी, विद्या नगर, करगी कला, दगौरी, बजरंग चौक और सरकंडा में रहने वाले लोग कोविड की चपेट में आए है। संक्रमितों की उम्र 18 से 50 वर्ष तक हैं। इन्हें मिलाकर कुल रोगियों की संख्या 64548 हो गई है। जून के 24 दिन में 12709 संक्रमित मिले थे। पिछले महीने के मुकाबले इस माह 97 फीसदी कोरोना के केस कम मिले। जिले में कोरोना जांच रोज 2000 के करीब हो रही है। गुरुवार को दिनभर में 12 सेंटरों पर 1834 लोगों ने कोरोना जांच कराई। इनमें 1686 ने एंटीजन जांच कराई। पांच लोगों की रिपोर्ट तत्काल पॉजिटिव आई। 12 मरीज आरटीपीसीआर और ट्रू नेट जांच में संक्रमित मिले।

अब कोरोना से राहत है। पिछले 15 दिन से संभागीय कोविड अस्पताल के दरवाजे बंद हैं। एक भी मरीज यहां इलाज के लिए भर्ती नहीं हुआ है। इसके बावजूद जिले में अभी मरीजों के मिलने का दौर जारी है। कोरोना के गंभीर लक्षण नहीं होने के कारण वे डॉक्टरों की सलाह लेकर मरीज घर पर ही इलाज करा रहे हैं। संभागीय कोविड अस्पताल में अब तक 2390 मरीजों का इलाज किया गया है। 2057 स्वस्थ होकर गए।

बढ़ी वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या

गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने 260 सेंटरों पर 27534 लोगों का टीका लगाने का लक्ष्य रखा था। दिन भर में 11,666 ने अलग-अलग सेंटरों पर टीका लगवाया। लक्ष्य के 42 प्रतिशत लोगों ने वैक्सीनेशन कराया। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को 2284 लोगों ने ज्यादा टीका लगवाया।

आठ दिन बाद मिला ब्लैक फंगस का एक मरीज, दो का होगा ऑपरेशन

बीते आठ दिन के अंदर बिलासपुर में ब्लैक फंगस के एक मरीज मिला है। गुरुवार को एक और मरीज डिस्चार्ज हुआ है। इस तरह स्वस्थ होने वालों की संख्या 13 पर पहुंच गई है। ब्लैक फंगस के अब तक 37 मरीज सिम्स में भर्ती हो चुके हैं। इनमें से 8 का इलाज चल रहा है। गंभीर हालत होने पर 11 मरीजों को सिम्स से रायपुर रेफर किया जा चुका है। दो मरीज खुद सिम्स छोड़कर चले गए। गुरुवार को गिरधोना का एक 45 वर्षीय व्यक्ति इस बीमारी से स्वस्थ हुआ। पिछले आठ दिन में जिले में ब्लैक फंगस का सिर्फ एक मरीज मिला हैं। बिलासपुर के रहने वाले 52 साल के एक व्यक्ति को बुधवार को इस बीमारी की पुष्टि हुई है। इसके अलावा अन्य कोई पीडि़त सामने नहीं आया है। नोडल अधिकारी डॉ. आशुतोष कोरी का कहना है कि एक-दो मरीज पहले रोज आ रहे थे लेकिन अब संख्या शून्य है। वर्तमान में 8 मरीज भर्ती हैं। इनमें दो का ऑपरेशन किया जाना है। शनिवार को एक मरीज का ऑपरेशन करेंगे। इसके बाद सोमवार को दूसरे मरीज का ऑपरेशन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here