विकास भवन में स्वयंसेवी संगठनों के साथ की गई चर्चा

बिलासपुर। लॉकडाउन के दौरान स्वयंसेवी संगठनों को जरूरतमंद तक सीधे राशन या भोजन पहुंचाने पर जिला प्रशासन ने रोक लगा दी है। मदद के इच्छुक लोग अपनी सामग्री पुलिस या नगर-निगम को देंगे जो लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी लेगा। बड़ी संख्या में राहत पहुंचाने के नाम पर बाहर घूमने के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं होने के कारण यह फैसला लिया गया है। कुछ प्रमुख संगठनों को ही वितरण  की अनुमति दी जायेगी, जिसमें भी दो तीन ही सदस्य होंगे। इन संगठनों को अनुमति प्रशासन देगा।

इसके लिए आज विकास भवन में निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा की अध्यक्षता में स्वयंसेवी संगठनों की बैठक हुई,जिसमें सभी ने प्रशासन के निर्णय पर अपनी सहमति जताते हुए सहयोग करने की बात कही।

बैठक में कमिश्नर पाण्डेय ने कहा कि स्वयंसेवी संगठन इस संकट की घड़ी में  खुद से लोगों की मदद कर रहे हैं वह सराहनीय है लेकिन बहुत से ऐसे लोग हैं जो लोगों को मदद करने की आड़ में शहर में घूम रहे हैं। इसके अलावा जो संगठन मदद भी कर रहे थे उनमें 8 से 10 सदस्यों की संख्या रहती है, जिससे लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग की व्यवस्था बिगड़ रही है। इससे संक्रमण का खतरा हो सकता है।

अब कोई भी व्यक्ति या संस्था राशन सामग्री खुद नहीं पहुंचाएंगे,बल्कि उस राशन सामग्री को नगर निगम को दे सकते हैं। निगम की टीम ज़रूरतमंद तक सामग्री पहुंचाएगी। नगर निगम की टीम पहले से ही असहाय लोगों तक निःशुल्क राशन पहुंचाने का काम कर रही है। इसके अलावा जो फूड पैकेट है उनके वितरण के लिए निगम और पुलिस की टीम काम करेगी,जो लोग मदद करना चाहतें हैं वो फूड पैकेट प्रशासन की टीम को दे सकते हैं।

संगठनों की जानकारी में अगर किसी ज़रूरतमंद को मदद की आवश्यकता होगी तो वे ननि और पुलिस विभाग को इसकी सूचना दे सकते हैं,प्रशासन उनकी मदद करेगा। इस कार्य में समन्वय के लिए ननि द्वारा व्हाटसअप ग्रुप तैयार किया गया है जिसमें पहले से ही कई स्वयंसेवी संगठन जुड़े हुए हैं। इस ग्रुप में बाकी के संगठनों को भी जोड़ने का निर्णय लिया गया। आज की बैठक में उपायुक्त खजांची कुम्हार,सीएसपी आर.एन.यादव, डीएसपी स्नेहिल साहू, उपनिरीक्षक सोनू वर्मा, अग्रवाल समाज, मारवाड़ी युवा मंच,  अरपा अर्पण महाभियान, विज़डम ट्री फाउंडेशन, चैरेमती फाउंडेशन, हंगर फ्री, ख्वाब इंडिया, धिती फाउंडेशन, दावत ए आम, दाउदी बोहरा समाज, आर्ट आफ लिविंग, यूथ संस्कार, आरएसएस, होटल गीता, रोटरी क्लब आदि के पदाधिकारी शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here