बिलासपुर। रविवार को हसदेव नदी में डूबे आयुष्मान सिंह की मौत हो गई। उसका शव आज फूल जाने के बाद अपने आप नदी के ऊपर तैरने लगा। दोपहर करीब 12 बजे उसे निकाला गया।

दीपका स्थित मारूति क्लीन कोल एंड पॉवर लिमिटेड के डिप्टी मैनेजर अशोक प्रवीण सिंह का परिवार रविवार को पिकनिक मनाने के लिये देवरी ग्राम गया था। जहां हसदेव नदी पर मित्रों व परिवार के सदस्यों के साथ उनका बेटा 10वीं कक्षा में अध्ययनरत आयुष्मान (15 वर्ष) नहाने के लिये उतरा। अचानक वह नदी में डूब गया। लोगों को इसका तुरंत पता नहीं चला था। कुछ देर बाद जब सब बाहर आये तो आयुष्मान नहीं दिखा। इसके बाद उन्हें पता चला कि वह नदी में डूब गया है। जिस जगह पर वे नहाने के लिये उतरे थे वहां चट्टान हैं। आशंका है कि वह इसमें फंस गया और बाहर नहीं निकल पाया।
घटना की सूचना राज्य आपदा प्रबंधन बल और स्थानीय गोताखोरों को दी गई थी। तब से लेकर वे लगातार आयुष्मान की तलाश कर रहे थे। आज दोपहर लगभग 12 बजे उसका शव नदी के ऊपर तैरने लगा। उसका शरीर पानी भरने से फूल गया था। घटना के बाद से ही पूरा परिवार घटनास्थल पर रुका था। शव को देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here