बिलासपुर। इलाहाबाद एयरपोर्ट से आज दोपहर 1.55 बजे एलायंस एयर के विमान ने बिलासा दाई केवटीन एयरपोर्ट चकरभाठा में सफलतापूर्वक ट्रायल लैंडिंग और टेकऑफ की। इसके साथ ही परीक्षण की सभी औपचारिकतायें पूरी हो गई। अब एक मार्च से बिलासपुर से प्रयागराज, जबलपुर और दिल्ली के बीच वाणिज्यिक हवाई सेवायें शुरू होना तय हो गया है।

13 टन वजनी 72 सीटर एटीआर 600 विमान आज ट्रायल के लिये प्रयागराज (इलाहाबाद) एयरपोर्ट से बिलासपुर पहुंचा। चकरभाठा विमानतल के ऊपर यह 1.45 पर पहुंचा और चक्कर लगाने के बाद 1.55 पर इसकी सफल लैंडिंग हुई। करीब एक घंटे बाद इसने प्रयागराज के लिये वापस टेकऑफ कर लिया। कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर व विभिन्न विभागों के अधिकारी इस मौके पर विमानतल पर उपस्थित थे।

हवाई सुविधा संघर्ष समिति के सदस्यों का आंदोलन आज 273वें दिन जारी रहा। दोपहर दो बजे समिति के सदस्य चकरभाठा एयरपोर्ट पहुंचे थे। उन सभी चेहरों पर विमान की लैंडिंग होते ही खुशी दौड़ गई। उन्होंने जोरदार तालियां बजाकर स्वागत किया।

आज की सफल टेस्ट फ्लाइट ने बिलासपुर एयरपोर्ट और रनवे की गुणवत्ता पर उठाये जा रहे सभी सवालों को शांत कर दिया और स्पष्ट हो गया कि छत्तीसगढ़ शासन का लोक निर्माण विभाग भी एयरपोर्ट का काम अच्छे तरीके से कर सकता है। इसके लिये संघर्ष समिति ने विभाग के अधिकारियों तथा एयरपोर्ट डायरेक्टर एन बीरेन सिंह को बधाई दी।

आज भी संघर्ष समिति का धरना आंदोलन जारी रही। समिति ने लगातार धरने का समाचार तैयार करने के लिये जयप्रकाश पाण्डेय का धन्यवाद दिया है। वही आज के धरने में अशोक भण्डारी, भुवनेश्वर शर्मा, बद्री यादव, देवेन्द्र सिंह ठाकुर, महेश दुबे, रीता मजुमदार, मनोज श्रीवास, समीर अहमद, राघवेन्द्र सिंह,सुशांत शुक्ला, रविन्द्र सिंह, मनोज तिवारी, रंजित सिंह खनूजा किशोरी गुप्ता, शिवा मुद्लियार, संतोष पीपलवा, मनोज श्रीवास, जयदीप राबिन्सन नरेश यादव, दिनेश रजक, रमाशंकर बघेल, चित्रकांत श्रीवास, संजय पील्ले, अनिल गुलहरे, कमल सिंह, शालिकराम पाण्डेय, हैरी न्यूटन, लक्ष्मीकांत निर्णेजक, विनय अग्रवाल, प्रकाश बहरानी, जयप्रकाश पाण्डेय, उमेश मौर्य, विभूतिभूषण गौतम, ब्रम्हदेव सिंह ठाकुर, अमित नागदेव, कामतानाथ और सुदीप श्रीवास्तव शामिल थे।

0-0-

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here