घरेलू नियमित हवाई सेवा का उद्घाटन 1 मार्च को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे

बिलासपुर। एक मार्च से बिलासा दाई केवटिन एयरपोर्ट चकरभाठा से शुरू हो रही हवाई सेवा के लिये शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके टिकट की बुकिंग भी यात्रा डॉट काम पर शुरू हो गई है। शेष ट्रेवल वेबसाइट पर आज शुरू होने की संभावना है। एक मार्च को वीडियो कांफ्रेंस के जरिये मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस सेवा की शुरूआत करेंगे।

एयर इंडिया की सहायक कम्पनी एलायंस एयर की 72 सीटर विमान की उड़ान इलाहाबाद, जबलपुर व दिल्ली को बिलासपुर से जोड़ेगी। सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को ये सेवायें मिलेंगीं। दिल्ली और बिलासपुर के बीच उड़ानें सीधी नहीं होंगी बल्कि यह जबलपुर और प्रयागराज से होते हुए उड़ेंगीं।

उड़ानों की समय सारिणी इस प्रकार तय की गई है-

  1. दिल्ली 11.50 बजे निकलने वाली फ्लाइट 13.50 को जबलपुर पहुंचेगी। जबलपुर से 14.20 बजे रवाना होकर 15.20 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।
  2. यही फ्लाइट बिलासपुर से इलाहाबाद (प्रयागराज) के लिये 15.45 बजे उड़ान भरेगी, जो वहां से 17.30 बजे रवाना होकर शाम 19.15 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
  3. दिल्ली से 12.45 बजे की फ्लाइट 14.30 बजे इलाहाबाद पहुंचेगी। इलाहाबाद से 15.00 बजे रवाना होकर यह शाम 16.00 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।
  4. बिलासपुर से 16.30 बजे बिलासपुर से रवाना होकर फ्लाइट 17.30 बजे जबलपुर पहुंचेगी जो जबलपुर से शाम 18.00 बजे निकलकर रात 20.00 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

यात्रा डॉट कॉम में दिल्ली तक के लिये उड़ानों का किराया फिलहाल 3200 से 3500 रुपये तक दर्शाया गया है। बिलासपुर से इलाहाबाद का किराया लगभग 2500 रुपये है। जबलपुर का बिलासपुर से किराया 1950 रुपये तय किया गया है। अन्य ट्रैवल्स एजेंसियों द्वारा भी दिल्ली, प्रयागराज व जबलपुर के लिये भी बुकिंग आज शाम तक शुरू होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मुख्य आतिथ्य में दोपहर 2.30 बजे इस घरेलू हवाई सेवा का उद्घाटन होने जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता गृह मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू करेंगे। कार्यक्रम वीडियो कांफ्रेंस के जरिये होगा। समारोह में बिलासा एयरपोर्ट पर बिलासपुर से नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद अरुण साव तथा विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष व अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here