हसदेव बचाओ पदयात्रा का बिलासपुर पड़ाव, अनेक संगठनों ने किया स्वागत

बिलासपुर, 9 अक्टूबर। हसदेव अरण्य में कोल ब्लॉक आबंटन के खिलाफ पदयात्रा करते हुए करीब 300 आदिवासियों का जत्था आज बिलासपुर पहुंचा। शहर से 12 किलोमीटर दूर सेंदरी ग्राम में ही उनका स्वागत करने के लिये अनेक संगठनों के लोग पहुंचे और नेहरू चौक तक उनके साथ पैदल चलकर उनकी मांगों के प्रति समर्थन जताया।

बिलासपुर में रात्रि विश्राम कर रहे पदयात्रियों की नर्मदा नगर सामुदायिक भवन में एक सभा हुई जिसमें उन्होंने बताया कि वे क्यों सरगुजा और कोरबा से निकलकर 330 किलोमीटर लंबी यात्रा करने पर मजबूर हुए हैं। मदनपुर, फतेहपुर, पतुरिया डांड आदि गांवों के आदिवासियों ने शहर के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि आत्मनिर्भर बनो। हम उन्हें बताना चाहते हैं कि हम आत्मनिर्भर हैं। हमें जीने के लिये जितना चाहिये सब जंगल से मिल जाता है। हमें अपनी जमीन से बेदखल होकर दूसरों पर आश्रित हो जायेंगे, जो मंजूर नहीं है। हमारी जरूरत की सारी चीजें जंगल में ही मिलती है, जंगल के स्त्रोतों से ही हम अपने लिये इतना पैसा इकट्ठा कर लेते हैं कि जीवन यापन में कर लेते हैं।

प्रेमसिंह, शकुंतला व अन्य पदयात्रियों ने सभा में कहा कि कांग्रेस और भाजपा की सरकार में कोई फर्क नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मदनपुर में हमारे बीच बैठकर कहा था कि यहां एक भी कोयला खदान नहीं खुलने देंगे। छत्तीसगढ़ में सरकार बन गई तो वह मोदी और अडानी का साथ देने लगी। हम इस सरकार के बारे में सोचते थे कि हमारी रक्षा करेगी, लेकिन केन्द्र की भाजपा और प्रदेश की कांग्रेस सरकार में कोई फर्क नहीं है।

पदयात्रा के बिलासपुर शहर में प्रवेश के दौरान, सर्व आदिवासी समाज के विमल किशोर मरावी और उनकी टीम ने पदयात्रियों का स्वागत कर फल का वितरण किया। अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव, आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष प्रथमेश मिश्रा, अधिवक्ता प्रियंका शुकला प्रदेश प्रवक्ता एवं युवा इकाई ने कोनी में स्वागत किया।

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के राजकुमार यादव ने सीपत चौक पर स्वागत किया। गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन ने नेहरू चौक पर पदयात्रियों का स्वागत किया।  भारतीय जनता पार्टी के सुशांत शुक्ला और उनके साथियों ने यूनिवर्सिटी के पास, आदर्श युवा मंच से महेश दुबे, अनिल, विष्णु हिरवानी और सुभाष त्रिपाठी ने पदयात्रियों का स्वागत किया। कुदुदंड युवा मंच से बद्री यादव ने भी पदयात्रियों का स्वागत किया। नर्मदा नगर स्थित सांस्कृतिक भवन में प्रोफेसर बलराम उरांव के साथ कुमार राम नेताम ने लोगों का स्वागत किया।

हसदेव अरण्य के समृद्ध वन क्षेत्र में कोयला खनन परियोजना निरस्त करने की मांगों सहित अपने संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने के लिए पदयात्रा कल 10 अक्टूबर को बिलासपुर से सरगांव के लिए प्रस्थान करेगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here