बिलासपुर । लोक निर्माण विभाग अरपा नदी पर दो नए ब्रिज बनाने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। विधायक शैलेश पांडे ने उन्हें इसका प्रस्ताव बनाकर एक सप्ताह के भीतर देने के लिए कहा है।

विधायक पांडे ने बताया एक पुल शनिचरी बाजार से चांटीडीह को तथा दूसरा कुदुदंड से लोधी पारा सरकंडा को जोड़ने के लिए प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है। शहर के बढ़ते आकार और नगर निगम की सीमा में विस्तार के कारण इंदिरा सेतु नेहरू चौक में यातायात का दबाव बढ़ गया है। इसके अलावा शिव घाट और पचरी घाट में बराज बनने के कारण शनिचरी रपटा के जलमग्न होने की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए नए पुलों का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा जाएगा। दोनों पुलों पर लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत आएगी। कुदुदंड से लोधी पारा सरकंडा के पुल की लंबाई 400 मीटर और शनिचरी से चांटीडीह को जोड़ने वाले पुल की लंबाई 350 मीटर अनुमानित है। दोनों पुलों की चौड़ाई 50 फीट रखने का प्रस्ताव बनाया जा रहा है।

आज विधायक ने लोक निर्माण विभाग, सेतु संभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की और उनके साथ संभावित स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ कार्यपालन अभियंता एएल बरेठ, एसडीओ एचसी वर्मा व अन्य अधिकारी थे। कांग्रेस नेताओं में शिवा मिश्रा, विनोद साहू , भरत कश्यप, शैलेंद्र जायसवाल, काशी रात्रे, अजरा खान, श्याम लाल चंदानी, सुबोध केसरी आदि भी साथ थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here