नई दिल्ली । भारत दुनिया के उन तीन देशों में शामिल हो गया है जहां कोरोना संक्रमण से एक लाख से ज्‍यादा लोगों की मौत हुई है। भारत से अधिक अमेरिका में 2.12 लाख और ब्राजील में 1.44 लाख से अधिक लोगों की अब तकr इस महामारी से जान जा चुकी है।

भारत में महामारी से पहली मौत 12 मार्च को हुई थी। उसके बाद 203 दिनों में मौत का आंकड़ा एक लाख पहुंच गया। राहत यह है कि ज्यादा जांच के बावजूद नए मामलों में लगातार कमी आ रही है और बड़ी संख्या में मरीज ठीक हो रहे हैं। फि‍र भी हर रोज एक हजार से अधिक मरीजों की मौत का सिलसिला बना हुआ है जिसमें सबसे अधिक मौतें महाराष्ट्र में हो रही हैं।

शुक्रवार रात नौ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार देर रात से देशभर में 1,049 मरीजों की जान गई है, जिसमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 424, तमिलनाडु में 67, उत्तर प्रदेश में 84 और केरल में 20 मौतें शामिल हैं। इसके साथ ही इस वैश्विक महामारी से मरने वालों की संख्या 1,00,768 हो गई है। इस दौरान 79,042 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 64.64 लाख से अधिक हो गया है। 75,699 मरीज ठीक भी हुए हैं और कोरोना से उबरने वालों की संख्या 54.15 लाख से अधिक हो गई है।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक गुरुवार को कुल 10.97 लाख कोरोना टेस्ट किए गए है। संक्रमण का पता लगाने के लिए अब तक कुल सात करोड़ 67 लाख से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर लगातार बढ़ रही है। कोरोना को मात दे चुके मरीजों के मामले में भारत दुनिया में पहले नंबर पर बना हुआ है। अब तक 54 लाख से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि, अमेरिका में 47 और ब्राजील में 42 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। भारत में आखिरी के 10 लाख मरीज सिर्फ 12 दिन में स्वस्थ हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here