बिलासपुर। गुरु घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय की अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी अध्ययनशाला के सूचना प्रौद्योगिकी इंजीनियरिंग विभाग की छात्रा साक्षी का चयन दुनिया की जानी-मानी आईटी कंपनी गूगल में हुआ है। वर्ष 2019 बैच की उत्तीर्ण छात्रा साक्षी का गूगल कंपनी में चयन ऑफ कैंपस प्लेसमेंट के अंतर्गत हुआ है। साक्षी के गूगल कंपनी में चयन पर उन्हें प्रारंभिक तौर पर 9.5 लाख वार्षिक पैकेज प्राप्त होगा। छात्रा साक्षी को कंपनी दावा हैदराबाद में आईटी रेसीडेंट इंजीनियर के रूप में कार्य प्रदान किया गया है।

चयन के बाद  साक्षी ने विभाग के शिक्षकों के साथ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता से मुलाकात कर अपनी इस उपलब्धि की जानकारी उन्हें प्रदान की। कुलपति ने साक्षी की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि साक्षी का अंतर्राष्ट्रीय स्तर की आईटी कंपनी में चयन विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है। यह चयन विश्वविद्यालय के अन्य होनहार छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा साबित होगा और यह विश्वविद्यालय के बढ़ते एवं सशक्त होते अकादमिक स्तर का परिणाम है। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के शिक्षकों को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी। इस अवसर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. शैलेन्द्र कुमार तथा विभाग के सहायक प्राध्यापक दिशा देवांगन एवं पंकज चंद्रा उपस्थित थे। साक्षी की सफलता पर अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी अध्ययनशाला के अधिष्ठाता प्रो. वी.डी. रंगारी, विभागाध्यक्ष संतोष सोनी एवं विभाग के अन्य शिक्षकों ने शुभकामनाएं दीं।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here