जोगी कांग्रेस और भाजपा प्रा.लि. पार्टियां, कांग्रेस एकजुट होकर भाजपा को नहीं हरा सकी, टूटकर क्या हराएगी- सोमनाथ भारती

 

दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती ने सवाल उठाया है कि जब मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह मानते हैं कि नक्सल समस्या पर उन्होंने काबू पा लिया है तो फिर उनके बेटे को  हाल ही में जेड-प्लस सेक्यूरिटी क्यों दी गई है?

आज सुबह प्रेस-क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए भारती ने कहा कि रमन सरकार हर मोर्चे पर विफल है। नक्सल समस्या से आज 27 में से 18 जिले घिर चुके हैं। किसानों का दाना-दाना खरीदने का वादा कर उसमें कैप लगा दिया गया। धान की कीमत 2100 रुपए क्विंटल करने और 300 रुपए बोनस देने का वादा पूरा नहीं किया गया। आदिवासियों की संख्या 38 प्रतिशत से घटकर 32 प्रतिशत रह गई। आदिवासी भी अब पलायन कर रहे हैं। किसान, युवा, आदिवासी हर वर्ग को इस  सरकार ने धोखा दिया।

बिलासपुर में मंत्री अमर अग्रवाल को जमीन का व्यवसायी बताते हुए भारती ने कहा कि उनका अधिकांश समय अपना व्यवसाय संभालने में जाता है जनता की सेवा करने का समय उनको नहीं मिलता। बिलासपुर का विकास ठप पड़ गया है। 15 साल मंत्री और 20 साल विधायक रहने के बाद भी यहां सीवर नहीं बना सके, कुछ साल पहले ही पुल बना पर अब फिर फ्लाईओवर बनाना पड़ रहा है।

भारती ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता के लिए कांग्रेस, जनता कांग्रेस या भाजपा विकल्प ही नहीं है। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस नेता अजीत जोगी के परिवार में पत्नी और बेटे विधायक हैं। बहू भी चुनाव लड़ने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री ने बेटे को सांसद बनाया है तथा अन्य करीबियों को भी खास पदों पर बिठा रखा है। दोनों प्राइवेट लिमिटेड पार्टियां हैं। कांग्रेस तो एकजुट रहकर भी भाजपा को हरा नहीं पाई, अब टूटने के बाद वह क्या हराएगी? मोदी ने गुजरात मॉडल का झूठा प्रचार कर चुनाव जीता पर हम दिल्ली सरकार के मॉडल को सामने रखकर जनता के बीच जा रहे हैं। हमारे पास पैसों से चुनाव जीतने की क्षमता नहीं है। घर-घर लोगों को दिल्ली जैसी सरकार देने का वादा कर रहे हैं। दिल्ली में स्वास्थ्य सबके लिए मुफ्त है और सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से बेहतर है। इसकी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई है। बिजली के दाम आधे कर दिए गए हैं, जबकि छत्तीसगढ़ में बिजली का उत्पादन होने के बावजूद यह महंगी है। हम देश में सबसे सस्ती बिजली दे रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here