चार साल के अनुज और विधानसभा उपाध्यक्ष 91 साल के बद्रीधर दीवान ने भी लगाई दौड़

बिलासपुर के सैकड़ों लोग सड़कों पर रन फॉर ग्रीन बिलासपुर के लिए आज सुबह दौड़ पड़े। पौधे रोपने का संदेश देते हुए दौड़ने वालों में 4 साल के बच्चे से लेकर 91 साल तक के लोग शामिल थे।

कलेक्टर पी. दयानंद के आह्वान पर आज से जिले में एक माह का पौधारोपण अभियान शुरू किया गया है। आज सुबह 7 बजे नेहरू चौक पर हाईकोर्ट जज प्रशांत मिश्रा और अन्य अतिथियों ने अभियान को हरी झंडी दिखाई। विधानसभा उपाध्यक्ष बद्रीधर दीवान, सांसद लखन लाल साहू, महापौर किशोर राय, कमिश्नर टी. सी. महावर भी यहां मौजूद थे। सभी ने दौड़ में भी भाग लिया। सभी लोग नेहरू चौक से राजेन्द्र नगर चौक, अग्रसेन चौक होते हुए जतिया तालाब पहुंचे। उन्होंने जतिया तालाब और पत्रकार कॉलोनी में सड़क किनारे करीब 5 सौ पौधे लगाए। ये महाभियान 15 जुलाई से 15 अगस्त तक चलाया जाएगा। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। पौधे लगाने के बाद सभी लोगों ने संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर कर पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया। जिला प्रशासन की अनोखी पहल पर सभी पौधों के ट्री गार्ड पर पौधा लगाने वाले सभी नागरिकों का नाम भी लिखा जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर रेस में विजयी पांच प्रतिभागियों को पौधा देकर सम्मानित किया गया। विधानसभा उपाध्यक्ष 91 वर्षीय बद्रीधर दीवान सुबह 7 बजे यहां पहुंच गए। केजी वन के चार वर्षीय अनुज शर्मा हरियाली की तख्ती लेकर दौड़ में शामिल हुए। उन्हें अतिथियों ने मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। रेस शुरू होने से पहले नेहरू चौक में सिग्नेचर फॉर ग्रीन कैंपेन चलाया गया।

जस्टिस मिश्रा ने मिशन ग्रीन अभियान की प्रशंसा की और नागरिकों को इसमें जोर-शोर से हिस्सा लेने की अपील की। अन्य अतिथियों ने भी विचार रखे और पॉलीथिन का इस्तेमाल बंद करने की सलाह दी। कलेक्टर पी दयानंद ने कहा कि रन फॉर ग्रीन बिलासपुर महाअभियान के पहले दिन आज नागरिकों में जो ऊर्जा देखने को मिली है उससे उन्हें पूरा विश्वास है कि जिले में 50 लाख पौधों को लगाने का लक्ष्य समय से पहले ही पूरा कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here