अखंड नवधा रामायण के समापन में हुए शामिल

बिलासपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि भारत संत महात्माओं का देश है। उनके विचार और उपदेशों में परोपकार की भावना होती है। उनके विचार किसी एक समाज के लिए नहीं होते, यह पूरे मानव समाज के लिए होते हैं। उन्होंने मोतिमपुर स्थित अनुरागी धाम को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा की है।

बघेल आज सरगांव के पास ग्राम मोतिमपुर स्थित अनुरागी धाम में आयोजित अखंड नवधा रामायण के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। बघेल ने यज्ञ स्थल में आहूति और पूजा अर्चना कर प्रदेश की जनता की खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। मुख्यमंत्री बघेल ने अनुरागी धाम में निर्मित उद्यान का अवलोकन किया। कार्यक्रम में बघेल का के.के. श्रीवास्तव और उनके परिवार ने माला पहनाकर तथा सुआ नर्तक दलों की महिलाओं ने नृत्य कर स्वागत किया। बघेल ने कहा कि मोतिमपुर की धरा में अखंड नवधा रामायण के माध्यम से बाबा अनुरागी को याद किया जा रहा है जो खुशी की बात है। अनुरागी बाबा की प्रेरणा से विगत वर्ष भी अनुरागी धाम आने का मौका मिला था। छत्तीसगढ़ की संस्कृति में राम बसे हैं यहां लोग परस्पर भेंट मुलाकात के दौरान राम-राम का उच्चारण करते हैं।  भगवान राम की माता कौशिल्या का मायका छत्तीसगढ़ है। भगवान राम ने वन गमन का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में बिताया। भगवान राम का वन गमन का मार्ग कोरिया से कोंटा तक चिन्हांकित है। वे जिस मार्ग पर चले है उस मार्ग को राम वन गमन पथ के नाम से विकसित करने का फैसला छत्तीसगढ़ सरकार ने लिया है। उन्होंने कहा कि अनुरागी धाम पहले उबड़-खाबड और वीरान था अब यह पवित्र स्थल बन गया है। आने वाले समय में इस पवित्र स्थल को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है जहां गरीब और जरूरतमंद लोगो को उनके गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 20 लाख रुपये तक की राशि की स्वीकृति दी जाती है। उन्होनें कहा कि किसानों से प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। धान की खरीदी चार से पांच किश्तों में भी की जायेगी। उन्होनें कहा कि उन्हें प्रति क्विंटल 1815 रुपये की राशि दी जा रही है उन्होनें शेष अंतर की राशि 685 रुपये शीघ्र देने की बात कही। बघेल ने विभिन्न रामायण मंडली के सदस्यों का शाल और श्री फल भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेम साय सिंह टेकाम ने भी संबोधित किया। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

आयोजन समिति के अध्यक्ष केके श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर बिलासपुर विधायक शैलेष पाण्डेय, तखतपुर विधायक श्रीमती रश्मि सिंह, बिलासपुर के महापौर रामशरण यादव, सभापति शेख नजीरूद्दीन, महंत पुरूषोत्तम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन अटल श्रीवास्तव ने किया।

विधि विभाग अध्यक्ष व सदस्यों ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व विधि विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद विवेक तन्खा का प्रदेश अध्यक्ष संदीप दुबे के नेतृत्व में इस मौके पर स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में  प्रवक्ता सुशोभित सिंह, प्रदेश व जिला पदाधिकारी जसराज बल, नंद कुमार पटेल, कहकशां दानी, कमल कांत मिश्रा, दल्लू सिंह ठाकुर, सुरेश साहू, हिमांशु शर्मा आदि शामिल थे।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here