बिलासपुर । निगम, मंडल, आयोगों की नियुक्तियों में बिलासपुर को और जगह मिली है। लंबे समय से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सहयोगी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अटल श्रीवास्तव को छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल का अध्यक्ष बनाया गया है। मछुआ कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पद पर राजेंद्र ढीमर लिए गए हैं। माटी कला बोर्ड में लिये गये बसंत चक्रधारी भी बिलासपुर से हैं।

बिलासपुर जिले में अटल श्रीवास्तव की ऐसी पहली नियुक्ति होगी जिन्हें केबिनेट अथवा राज्य मंत्री का दर्जा मिलेगा। सूत्रों के मुताबिक इस बारे में अलग से घोषणा की जायेगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से आज निगम, मंडल और बोर्ड की नियुक्तियों पर एक और सूची जारी की गई।

माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष दुर्ग के बालम चक्रधारी बनाए गए हैं। बोर्ड में सोनू राम नाग बस्तर, सुनीता प्रजापति जांजगीर-चांपा, कुलवंत प्रजापति सूरजपुर, कृष्णा चक्रधारी रायपुर, बसंत चक्रधारी बिलासपुर और खिलावन चक्रधारी दुर्ग, सदस्य बनाए गए हैं।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव बनाए गए हैं। उनकी टीम में उपाध्यक्ष रायपुर की चित्ररेखा साहू के अलावा कांकेर के नरेश ठाकुर और राजनांदगांव के निखिल द्विवेदी सदस्य बने हैं।

क्रेडा के सदस्य कवर्धा के कन्हैया अग्रवाल और दुर्ग के विजय साहू बनाये गये हैं।

मछुआ कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष बिलासपुर के राजेंद्र ढीमर बनाए गए हैं। इसमें रायपुर के दिनेश फुटान, दुर्ग के देव कुमार कुंवर निषाद, महासमुंद के आरएन आदित्य, कोरबा की अमरीका निषाद, मुंगेली के प्रभु मल्लाह तथा बेमेतरा के विजय ढीमर सदस्य नियुक्त किए गए हैं। सूची के मुताबिक दुर्ग के आरएन वर्मा राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य नियुक्त किए गए हैं।

ज्ञात हो कि कुछ माह पूर्व बिलासपुर से ही अपेक्स बैंक के अध्यक्ष के रूप में बैजनाथ चंद्राकर की नियुक्ति की गई थी। गुरुवार को जारी सूची में प्रमोद नायक को जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बिलासपुर से कांग्रेस नेता रविन्द्र सिंह युवा आयोग के सदस्य बनाये गये हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here