बिलासपुर। बावरा मन का वर्चुअल वर्ल्ड ‘उमंग-20’ देश-विदेश के कला-प्रेमियों का लगातार ऑनलाइन मनोरंजन कर रहा है। कोरोना संकट-काल में फेसबुक लाइव के जरिये बावरा मन के सदस्य-कलाकार प्रति सप्ताहांत नए सोपान ला रहे हैं। इन्टरनेट की विश्व-व्यापी उपलब्धता के कारण नवोदित कलाकार अपनी कलात्मक अभिरुचि और प्रयोगधर्मिता से सुधि-प्रेक्षकों का मनोरंजन कर रहे हैं।

बावरा मन के अध्यक्ष पी. रामाराव और सचिव राजेश दुआ ने बताया कि इसी सिलसिले में रविवार 13 सितम्बर को सायं 7 बजे फेसबुक लाइव में बिलासपुर के गायक विनोद पटेल ऑनलाइन मनोरंजन करेंगे। उनके साथ म्यूजिशियन और गायक क्लाईड स्टॉकिंग और अनिमेष मांझी भी होंगे। विनोद उम्दा गायक होने के साथ-साथ कार्यक्रम संयोजक, मंच संचालक, गीतकार, लेखक, और संगीत-प्रबंधक भी हैं। उनका कार्य-क्षेत्र छत्तीसगढ़ से लेकर मुंबई तक फैला हुआ है। विनोद ने गायन, वादन, विशेषकर भजन व लोकगीत तथा लोकनृत्य के क्षेत्र में बाल्य-काल में ही शिक्षा हासिल कर ली थी। वर्ष 1994 में उन्होंने कोलकाता के नेताजी इनडोर स्टेडियम व रविन्द्रनाथ टैगोर सदन में प्रस्तुति दी तथा अहमदाबाद में एक गायन स्पर्धा में मध्य भारत के श्रेष्ठ गायक का अवार्ड भी प्राप्त किया।  वे दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय गीत गायन स्पर्धा में लोक-संगीत श्रेणी में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर चुके हैं।

विनोद पटेल ने वर्ष 1998 में अखिल भारतीय गंधर्व महाविद्यालय मंडल  मुंबई से शास्वीय गायन की शिक्षा भी प्राप्त की, साथ ही प्रिंट और इलेक्ट्रोनिक मीडिया के लिए कार्य किया। कारगिल युद्ध एवं गुजरात भूकंप पर गीत लिखे जिसे पार्श्व गायक  मो. अजीज ने आवाज़ दी।

विनोद एक इवेंट मैनेजमेंट संचालित करते हैं। “छेलाजी ग्रुप” के जरिये उन्होंने अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया है। वर्ष 2002 में मुंबई के मुलुंड के कालिदास हॉल में गुजराती टीवी कलाकारों की नृत्य स्पर्धा , वर्ष 2004 में बिलासपुर में ग़ज़ल सम्राट जगजीत सिंह की ग़ज़लों की एक शाम का आयोजन उन्होंने किया। इसके बाद छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग के साथ सहयोग से “छत्तीसगढ़ विरासत” कार्यक्रम भी शुरू किया गया जिसमें छत्तीसगढ़ की कला-विभूतियों, “अब तक 56” के लेखक- निर्देशक संदीप श्रीवास्तव, पद्मश्री अनूप रंजन पाण्डेय, लोक गायक जवाहर बघेल और अभिनेता अमिताभ दयाल का सम्मान किया गया। छत्तीसगढ़ में बॉलीवुड के अनेक कलाकारों का आगमन छेलाजी ग्रुप की वजह से ही संभव हो सका। इनमें साधना सरगम, उदित नारायण, राजू श्रीवास्तव, सुरेश वाडेकर,  मोहम्मद अजीज, हिमेश रेशमिया, सुदेश भोंसले, अनूप जलोटा, कुमार सानू, रानी मुखर्जी, सुमेधा कर्महे आदि के अलावा छत्तीसगढ़ के पद्मश्री डॉ. सुरेन्द्र दुबे,  लोक-गायिका सूरुज बाई खाण्डे और छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सुपर स्टार अनुज शर्मा शामिल हैं, जिन्होंने देश के अलावा विदेशों में भी प्रस्तुति विनोद पटेल के साथ दी है।

इस लिंक के माध्यम से बावरा मन पेज में जाकर  लाइक कर उनके इस कार्यक्रम में रविवार 13 सितम्बर की शाम को लाइव शामिल हुआ जा सकता है-

बावरा मन फेसबुक लाइव 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here