सर्वाधिक 23 प्रत्याशी बिल्हा से, सबसे कम 13 मस्तूरी में, कुल 108 उम्मीदवार

धरमलाल, धर्मजीत, अमर, शैलेष, डॉ. बांधी, डॉ.जोगी की किस्मत का होगा फैसला

बिलासपुर। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी और नाम वापसी के बाद जिले की 6 विधानसभा सीटों पर मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। बिलासपुर, बेलतरा और तखतपुर सीट में कांग्रेस बीजेपी के बीच सीधी टक्कर है। कोटा और बिल्हा में त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति बन रही है। मस्तूरी में चार उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।
बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के अमर अग्रवाल और कांग्रेस के शैलेश पांडे के बीच सीधी टक्कर है। यहां से जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने अखिलेश पांडे को तथा आम आदमी पार्टी ने उज्जवला कराड़े को मैदान में उतारा है। बहुजन समाज पार्टी ने श्रद्धा सैमसंग को टिकट दी है। पूर्व विधायक अरुण तिवारी ने कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है। अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया सहित अन्य निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें एक भूतपूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप सिंह राणा भी शामिल हैं। बिलासपुर सीट से 21 प्रत्याशी हैं।
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में 22 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां पर कांग्रेस उम्मीदवार बिलासपुर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष विजय केशरवानी और युवा मोर्चा के नेता भाजपा प्रत्याशी सुशांत शुक्ला के बीच मुकाबला है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने यहां से विशंभर गुलहरे को, आम आदमी पार्टी ने राकेश यादव और बहुजन समाज पार्टी ने रामकुमार सूर्यवंशी को मैदान में उतारा है। इसके अलावा अमर राज पार्टी से आनंद राम साहू और निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं। बेलतरा ही एकमात्र सीट है जहां से कोई वर्तमान विधायक मैदान में नहीं है, जबकि तखतपुर में कांग्रेस भाजपा दोनों ही दलों के प्रत्याशी वर्तमान में विधायक हैं।
बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 23 उम्मीदवार हैं। यहां मुख्य मुकाबला पूर्व नेता प्रतिपक्ष भाजपा के धरमलाल कौशिक और कांग्रेस के सियाराम कौशिक के बीच है। आम आदमी पार्टी के जसवीर सिंह चावला त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति बनाने का प्रयास कर रहे हैं। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ यहां से नेहा भारती को टिकट दी है। इसके अलावा हमर राज पार्टी, जनता कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रत्याशियों सहित निर्दलीय भी मुकाबले में हैं।
मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 13 उम्मीदवार हैं। यहां भाजपा से पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी और कांग्रेस से पूर्व विधायक दिलीप लहरिया मैदान में हैं। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने चांदनी भारद्वाज को टिकट देकर मुकाबला रोचक बना दिया है। यहां से बहुजन समाज पार्टी से दाऊराम रत्नाकर मैदान में हैं। बीते चुनाव में बसपा यहां दूसरे स्थान पर थी, इसलिये यहां चार उम्मीदवारों के बीच टक्कर हो सकती है। मस्तूरी के मैदान में आम आदमी पार्टी, जोहार छत्तीसगढ़, हमर राज पार्टी, अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया के उम्मीदवार और निर्दलीय भी चुनाव लड़ रहे हैं।
कोटा विधानसभा क्षेत्र में भी त्रिकोणीय स्थिति है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की टिकट पर विधायक डॉक्टर रेणु जोगी मैदान में हैं। कांग्रेस ने पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव और भाजपा ने प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को उतारा है। आम आदमी पार्टी ने पंकज जेम्स को टिकट दी है। यहां से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, हमर राज पार्टी तथा राष्ट्रीय गोंडवाना पार्टी के उम्मीदवार भी मैदान में है। निर्दलियों को मिलाकर यहां से कुल 15 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
तखतपुर विधानसभा सीट में भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर लड़ रहे विधायक धर्मजीत सिंह ठाकुर और कांग्रेस की विधायक रश्मि सिंह के बीच सीधा मुकाबला है। दोनों वर्तमान में विधायक हैं। इसके अलावा जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़, बहुजन समाज पार्टी, राष्ट्रीय गोंडवाना पार्टी, हमर राज पार्टी, जोहार छत्तीसगढ़, अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया के प्रत्याशी हैं। चार निर्दलियों को मिलाकर यहां से कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। अभी यहां भी कांग्रेस भाजपा के बीच सीधा मुकाबला दिखाई दे रहा है।
जिले की 6 सीटों पर कुल 108 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here