मंत्री चौबे का शाह पर पलटवार- चुटकी बजाने से नक्सल समस्या हल होती तो जवान मारे क्यों जा रहे?

बिलासपुर। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने लोकतंत्र में सरकार गिराने की और विधायक तोड़ने की नई परिपाटी शुरू कर दी है, ऐसे में सरकार बचाने के लिए झारखंड के विधायकों को छत्तीसगढ़ लाना पड़ा है।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए चौबे ने कहा कि जनता से केंद्र सरकार का कोई सरोकार नहीं रह गया है। महंगाई और बेरोजगारी पर वह कुछ नहीं कर पा रही है। भाजपा के नेता भी इस बारे में कुछ कह नहीं पा रहे हैं। उहोंने उम्मीद जताई कि अधिकारी कर्मचारियों की हड़ताल जल्द खत्म होगी। सरकार के साथ उनकी चर्चा चल रही है। नक्सल समस्या पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रायपुर में दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चौबे ने कहा कि जब तक भाजपा के कार्यकाल में बस्तर में नक्सली समानांतर सरकार चला रहे थे। नेशनल हाईवे के 2 किलोमीटर भीतर भी लोग नहीं पहुंच पाते थे और झीराम घाटी, मदनवाड़ा जैसा हत्याकांड हुआ। आज नक्सल समस्या अबूझमाड़ और नारायणपुर के कुछ हिस्सों में सिमटकर रह गया है। बात करना अलग बात है समाधान दूसरी बात है। चुटकी बजाने से अगर नक्सल समस्या हल होती तो जवान मारे क्यों जा रहे हैं। शाह ने एक ही दिन में दो अलग-अलग बातें की। एक बार कहा कि राज्य सरकार के समन्वय से नक्सल समस्या का हल निकालेंगे दूसरी ओर कह दिया कि भाजपा की सरकार अगली बार बन जाती है तो चुटकी में इसका हल निकाल लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here