प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री शाह, गडकरी सहित कई मुख्यमंत्री पहुंचे

साइंस कॉलेज मैदान में प्रदेशभर से हजारों लोग पहुंचे 

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने आज पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केन्द्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास अठावले, राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत व त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा विशेष रूप से मौजूद थे।
मुख्यमंत्री साय एवं उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव व विजय शर्मा ने ईश्वर के नाम से पद एवं गोपनीयता की शपथ हिन्दी में ली।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह एवं भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व सांसद व प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर सहित नवनिर्वाचित विधायक, अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रदेशभर से आए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने किया।

मुख्यमंत्री साय ने शपथ ग्रहण के बाद आज मंत्रालय महानदी भवन में पूजा अर्चना के बाद कार्यभार ग्रहण किया। यह पहली बार हो रहा है कि मुख्यमंत्री ने कार्यभार ग्रहण करने के पूर्व विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने शपथ ग्रहण से पहले सुबह रायपुर स्थित अपने घर में सपरिवार पूजा-अर्चना की और रायपुर के भगवान जगन्नाथ मंदिर में भी पूजा अर्चना की।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा  भी उनके साथ थे।
मुख्यमंत्री के मंत्रालय पहुचने पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू व पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने उनका पुष्प गुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। साय ने कार्यभार सम्हाले के बाद अपने कार्यालय कक्ष में मंत्रालय के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय लिया। विभिन्न विभागों के सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री को नए दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।

इसके पहले आज सुबह साय ने संसद में हुए हमले में शहीद जवानों का पुण्य स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि दी। आज के ही दिन आतंकवादियों से लड़ते हुए वर्ष 2001 में जवानों ने अपनी शहादत दी थी। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने भगवान जगन्नाथ का दर्शन किया। इसके पश्चात उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एटीएम चौक अवंति विहार में किया। छत्तीसगढ़ के गठन के पीछे अटल जी की बड़ी भूमिका थी। साय ने आज इस महत्वपूर्ण दिन श्री अटल जी का पुण्य स्मरण किया ताकि छत्तीसगढ़ के निर्माण के पीछे की अटल जी की मंशा को अपने कार्यकाल में निरंतर पूरा करने की दिशा में कार्य करते रहें। इसके पश्चात जयस्तंभ चौक में उन्होंने शहीद वीरनारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

सभास्थल में शपथ लेने से पूर्व उन्होंने मोदी का आशीर्वाद लिया। प्रधानमंत्री ने कुछ दिनों पूर्व अपनी छत्तीसगढ़ यात्रा में नारा दिया था कि हमने ही बनाया है और हम ही इसे संवारेंगे। छत्तीसगढ़ को संवारने की जिम्मेदारी साय को मिली है। मुख्यमंच पर बने बैकड्राप में मोदी और अटल बिहारी वाजपेयी को अंकित किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here