डिप्टी सीएम सिंहदेव ने नाम लिए बगैर विधायक बृहस्पत सिंह पर साधा निशाना, सामरी विधायक पर भी कार्यकर्ताओं में रोष

रायपुर। उप-मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के सरगुजा में दिए गए एक बयान से राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई है। उन्होंने रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह का नाम लिए बगैर कहा कि जिसने मेरे माता-पिता का अपमान किया, मुझसे जान का खतरा होने का आरोप लगाया, मेरी ओर से उसके साथ कोई समझौता नहीं हो सकता। सिंहदेव ने यह भी कहा है कि प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों में एक सीट पर उनकी भागीदारी नहीं होगी। इसके लिए वे हाईकमान से माफी मांग लेंगे।
सिंहदेव ने कहा कि मेरे खिलाफ कई लोगों ने व्यक्तिगत आरोप लगाए। आज तक मैंने इसे  राजनीति के बीच में आने नहीं दिया। पर एक घटना ऐसी घटी जिसमें सीमा पार की गई। कोई व्यक्ति महाराजा साहब और महारानी के लिए कुछ बोलेगा तो वहां मेरी ओर से समझौता नहीं हो सकता। आगे क्या होगा, पब्लिक जानेगी, पार्टी जानेगी।
सिंहदेव ने कहा कि वे नहीं चाहते हुए भी राजनीति में फंस गए। एक सिद्धांत था घर में जो भला-बुरा करना हो दो लोगों के बीच कर लो लेकिन सार्वजनिक मंच से महारानी-महाराजा के बारे में अपमानजनक कुछ बोलोगे तो कुछ समझौता नहीं होगा।
मालूम हो कि विधायक बृहस्पत सिंह पर जुलाई 2021 में हमले का प्रयास हुआ था। इसके बाद उन्होंने बयान दिया था कि टीएस सिंहदेव महाराजा हैं, वे कुछ भी कर सकते हैं। वे उनकी हत्या भी करा सकते हैं। इस बयान पर कांग्रेस की राजनीति में काफी हलचल मची थी। इस बयान को गैरजिम्मेदाराना बताते हुए सिंहदेव विधानसभा सत्र के दौरान सदन छोड़कर भी चले गए थे। तब गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने विधायक की ओर से खेद व्यक्त कर मामला शांत किया था। साथ ही, बृहस्पत सिंह की ओर से भी एक बयान दिया गया।
उप मुख्यमंत्री बनने के बाद रविवार को सिंहदेव पहली बार सामरी विधानसभा क्षेत्र के राजपुर पहुंचे थे। यहां से बलरामपुर जिला मुख्यालय और रामानुजगंज सीट लगी हुई है। सामरी विधानसभा में कार्यकर्ताओं के साथ उनका भेंट-मुलाकात कार्यक्रम था। कार्यकर्ताओं ने सामरी विधायक चिंतामणि महाराज के खिलाफ जमकर रोष जताया। बारी-बारी माइक पर आकर कई कार्यकर्ताओं ने कहा सामरी से टिकट के लिए 35 लोगों ने आवेदन किया है। इनमें से एक को छोड़कर (मौजूदा विधायक) को छोड़कर किसी को भी टिकट दे दी जाए, हम समर्पित कार्यकर्ता हैं उनको कांग्रेस का प्रत्याशी मानकर जिताएंगे।
कार्यकर्ताओं की बात सुनने के बाद  सिंहदेव ने कहा कि चिंतामणि भाजपा से कांग्रेस में आए थे। वे निर्दलीय भी लड़ चुके थे। गहिरा गुरु परिवार के प्रतिनिधि हैं। सन् 2013 में उन्होंने लुंड्रा से कांग्रेस टिकट पर चुनाव जीता। 2018 के चुनाव में भारी दबाव था कि विधायक डॉ. प्रीतम राम को दोबारा सामरी से टिकट दी जाए, पर लुंड्रा में चिंतामणि महाराज की स्थिति बिगड़ गई थी, जीतना कठिन हो गया था। कांग्रेस को दोनों सीटों पर जीत हासिल करना ही उद्देश्य था कि उनको लुंड्रा की जगह सामरी से लड़ाया गया। सन् 2018 में मैंने सोचा था कि नाराज लोगों को मना लूंगा, पर आज उस स्थिति में नहीं हूं कि कहूं उसे जीतने दीजिए। टिकट चयन समिति के सामने आपकी बात रख दूंगा, क्या तय होगा भविष्य के गर्भ में है। चिंतामणि महाराज दोनों दरवाजों में दिखते रहे, पर उनके लिए कभी दूसरा विचार नहीं आया। उन्होंने तो बीच में दुआ-सलाम भी बंद कर दिया था। अब फिर चालू हुआ है। मैं एक विधानसभा से अपने को अलग करता हूं। बड़ा भाई होने के नाते सबसे समन्वय करना मेरा काम है। इसमें फेल हुआ हूं। इसलिए 90 में से एक सीट के लिए मैं भागीदारी के लिए हाईकमान से माफी मांग लूंगा, फैसला जनता का ही होगा।
कृषि मंडी प्रांगण में विधानसभा स्तरीय आयोजित भेंट मुलाकात कार्यक्रम में सिंहदेव ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हुए मंच में माइक पर बुलाकर उनकी बात सुनी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामरी विधायक का पुरजोर विरोध किया।उन्होंने सत्ता और संगठन में चल रहे दूरी को लेकर जबदस्त गुस्सा निकाला व विधानसभा में प्रत्याशी बदलने की मांग रखी। कहा कि यहां से 3 आवेदन आए हैं, उनमें से एक को छोड़कर किसी को टिकट दे दीजिए हम मिलकर काम करेंगे। इस कार्यक्रम में विधायक चिंतामणि महाराज को आमंत्रण नहीं दिया गया था।
बाद में मीडिया से बात करते हुए टी एस सिंहदेव ने कहा कि आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण हो गई है दो और तीन सितंबर को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी और लगभग 6 तारीख को कांग्रेस की पहली सूची जारी हो जाएगी। उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भाजपा द्वारा छत्तीसगढ़ के 21 सीटों पर घोषित किए गए प्रत्याशी के मामले में बयान देते हुए कहा कि भाजपा को जरूर ऐसा लग रहा है कि उन्होंने प्रत्याशी घोषित करके लीड ले ली है लेकिन यह उनकी भूल है उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन सीटों पर ही प्रत्याशी की घोषणा की है जिनमें वह हारे हुए हैंऐसे में कांग्रेस अपनी प्रक्रिया के तहत ही टिकट की घोषणा करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here