लालपुर में गुरुघासी दास जयंती पर मुख्यमंत्री की घोषणाएं

पंथी नृत्य दलों को राज्य स्थापना दिवस पर देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार मिलेगा

मुंगेली। गुरु घासीदास जयंती पर लालपुर पहुंचे  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि संत गुरु घासीदास का संदेश आज भी औचित्य पूर्ण और प्रासंगिक है। वे मानते थे कि सत्य ही मानव जीवन का आभूषण है। सत्य से ही सत्कर्म, सदभाव और सदगुणों का विकास होता है। उन्होंने समता मूलक समाज की स्थापना का संदेश दिया है। बाबा ने महिला और पुरुष दोनों को समान दर्जा दिया। पंथी गीत के माध्यम से बाबा ने छत्तीसगढ़ी भाषा को सम्मान किया। हमारे बीच आपसी भाई चारा प्रेम और सद्भाव होना चाहिए।
लालपुर (मुंगेली) में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का स्वागत।

मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति वर्ग के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें नवा रायपुर में गरीब 10 एकड़ क्षेत्र में बाबा गुरुघासीदास के संदेश और उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने गुरुघासीदास शोधपीठ एवं संग्रहालय की स्थापना, अनुसूचित जाति के मेघावी विद्यार्थियों के लिये राष्ट्रीय स्तर के कोचिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना होगी। इसमें  एआई ट्रिपल ई,  नीट, जेईई परीक्षा प्रवेश की तैयारी के लिए 200 सीटर छात्रावास भी होगा।  छत्तीसगढ़ी संस्कृति की पहचान, पंथी नृत्य के राज्य स्तरीय समारोह में देवदास बंजारे की स्मृति में पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे।

मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय निकाय क्षेत्रों में शासन द्वारा जमीन और भवन उपलब्ध कराकर डायग्नोस्टिक सेंटर्स की स्थापना की कारवाई की जायेगी। यहां सस्ती दर पर पैथोलाजिकल टेस्ट किये जायेंगे। इससे आम नागरिकों को रक्त, मूत्र तथा अन्य जांच की सुविधा सस्ती दर पर उपलब्ध हो सकेंगी। मुख्यमंत्री ने सतनामी कल्याण समिति बंधवा की विभिन्न मांगों पर उनके निराकरण का आश्वासन दिया।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी तथा ग्रामोद्योग मंत्री गुरु रूद्रकुमार ने कहा कि बाबा के संदेश का अनुसरण करते हुए हमे ऐसा काम करना चाहिए जिससे किसी दुसरे व्यक्ति को कष्ट न हो तभी हमारा जीवन सफल होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने घोषणा पत्र में 36 कार्यो का उल्लेख किया गया था इनमें से 24 पूरे किये जा चुके है। उन्होनें कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि राज्य के सभी समाज वर्गों को विकास का समान अवसर मिले।

समारोह को नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया, विधायक धर्मजीत सिंह एवं पूर्व मंत्री तथा विधायक पुन्नूलाल ने भी संबोधित किया।

इसके पूर्व बघेल ने जैतखाम की पूजा-अर्चना की और जैत खाम में सफेद ध्वज का रोहण किया। अंत में डी एस भास्कर ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सांसद अरुण साव, पूर्व राज्य सभा सदस्य कमला मनहर, लोरमी जनपद अध्यक्ष मीना नरेश पाटले, सीमा वर्मा, अटल श्रीवास्तव, कलेक्टर पदुम सिंह एल्मा, पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नुपूर राशि पन्ना, सतनामी समाज के पदाधिकारी, सदस्य सहित बड़ी संख्या में सतनाम पंथ के अनुयायी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here