बिलासपुर। साहित्य, अध्ययन तथा लेखन में रुचि रखने वाले कलेक्टर डॉ. संजय अलंग ने पठन-पाठन को प्रोत्साहित करने के लिए एक बुक बैंक स्थापित करने के लिए अभिनव पहल की है। उन्होंने लोगों से किताबें दान करने की अपील की है। जिला शिक्षा अधिकारी किताबों के संग्रह के लिए अधिकृत किये गए हैं।

कलेक्टर डॉ. अलंग का मानना है कि एक जागरूक समाज में किताबों का बड़ा महत्व है। ये जीवन को दिशा देती हैं। किताबें हर किसी को पढ़नी चाहिए। वे स्वयं एक अच्छे अध्यवसायी तथा लेखक हैं। छत्तीसगढ़ के इतिहास व संस्कृति पर उनकी कई किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं।

इसी कड़ी में उन्होंने बिलासपुर में पुस्तकों का संग्रह कर उन्हें अध्ययन में रुचि रखने वालों के लिए उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। कलेक्टर डॉ.अलंग ने लोगों से अपील की है कि वे खेल, साहित्य, कला,संस्कृति, इतिहास व अन्य विधाओं की किताबें दान करें। वे ऐसी किताबें दान कर सकते हैं, जिन्हें वे पढ़ चुके हैं। इन किताबों को आम जन पढ़कर लाभ ले सकेंगे।

लोगों द्वारा दी गई किताबों को संग्रहित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, बिलासपुर को जिम्मेदारी दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी स्थानों से किताबें आएं इसके लिए वे सभी शालाओं के प्राचार्यों को पत्र भी जारी कर रहे हैं। कोई भी व्यक्ति उनके कार्यालय में आकर किताबें जमा कर सकता है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here