महंगाई, बेरोजगारी और जीएसटी को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ दिल्ली में कांग्रेस का विशाल प्रदर्शन

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में महंगाई, बेरोजगारी और जरूरी सामान पर जीएसटी में बढ़ोतरी के मुद्दे को लेकर  कांग्रेस की हल्ला बोल रैली में राहुल गांधी ने कहा कि हमारी यूपीए सरकार ने 27 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला था। हमने नरेगा, भोजन का अधिकार और कर्ज माफी के जरिए ऐसा किया लेकिन बीजेपी की मौजूदा सरकार ने 23 करोड़ लोगों को फिर से गरीबी में धकेल दिया। जो काम कांग्रेस ने 10 सालों में पूरा किया, वो बीजेपी ने 8 सालों में खत्म कर दिया। आज भारत का नागरिक मुश्किल में है। जीएसटी ने छोटे कारोबारियों को खत्म कर दिया। आप पूछते हैं कि कांग्रेस ने आखिर किया किया. मैं बताता हूं कि 70 सालों में कांग्रेस ने ऐसी मंहगाई किसी को कभी नहीं दिखाई दी।

राहुल गांधी ने कहा, ‘मुझे 55 घंटे ED ऑफिस में बिठाया गया। मैं मोदी जी को बता देना चाहता हूं कि मुझे कोई फर्क नही पड़ता। 55 घंटे या 55 साल कोई फर्क नही पड़ता। अगर हम आज खड़े नहीं हुए तो देश नहीं बचेगा। देश की ज्यूडिशरी, चुनाव आयोग पर भी दबाब है। सब पर ये सरकार हमला करती है। देश की मीडिया और अखबार पर भी इन्हीं दो उद्योगपतियों का नियंत्रण है। किसानों के लिए काला कानून लाया गया। ये कानून किसानों के लिए नहीं बल्कि उन्हीं दो उद्योगपतियों के लिए लाया गया था। नोटबंदी के पैसों से देश के उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया गया।

राहुल गांधी ने कहा, ‘बीजेपी और आरएसएस के लोग देश को बांटते हैं और जान बूझकर लोगों में भय पैदा करते हैं। एयरपोर्ट, पोर्ट, सड़क, सेल फोन, तेल सब कुछ इन दोनों के हाथ मे जा रहा है। इस डर और नफरत का फायदा किसको मिल रहा है?’ राहुल गांधी ने यह भी कहा कि बीजेपी संसद के सत्रों में बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों पर बोलने नहीं देती। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि मीडिया के समर्थन के बिना पीएम मोदी कभी प्रधानमंत्री नहीं हो सकते।’ उन्होंने कहा कि देश की पूरी सत्ता दो उद्योगपतियों के हाथ में है। सरकार सारा काम उद्योगपतियों के इशारे पर करती है।

राहुल गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘देश की हालत आपको दिख रही है. देश में क्या हो रहा है, वो आपसे छिपा नहीं है। जब से बीजेपी की सरकार आई है, तब से देश में नफरत और विरोध बढता जा रहा है। भारत में नफरत बढ़ रही है। डर बढ़ता जा रहा है। महंगाई, बेरोजगारी का डर बढ़ता जा रहा है। नफरत से लोग बंटते हैं। देश बंटता हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘क्या इस डर और नफरत का फायदा देश के गरीब को मिल रहा है? मोदी सरकार ने आज तक किसकों फायदा दिया है। मोदी ने नोटबंदी की। क्या इसका फायदा गरीबों को मिला। सिर्फ उद्योगपतियों के कर्ज माफ किए गए, मगर किसानों के कर्ज माफ नहीं किए गए.’

इस रैली में शामिल होने के लिए पूरे देश से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता दिल्ली पहुंचे। विशाल रैली को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुट गई है। देशभक्ति के गाने गूंजने लगे हैं। इस रैली के मद्देनजर आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी रामलीला मैदान पहुंचे। उन्होंने रैली को संबोधित किया और कई मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की तथा मोदी सरकार पर निशाना भी साधा।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, ‘आम जनता महंगाई से परेशान है. लोगों के लिए परिवार पालना मुश्किल हो गया है। आम लोग अपनी जरूरतों की चीज नहीं खरीद पा रहे हैं लेकिन बीजेपी सरकार को जनता की तकलीफ नहीं दिखती। प्रधानमंत्री जी, आप अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते, जनता की तकलीफ सुननी पड़ेगी.’

कांग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा गया, ‘महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ सारा देश हल्ला बोल रहा है। दिल्ली के रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब कह रहा है- महंगाई कम करो, युवाओं को रोजगार दो.’ कांग्रेस ने लिखा, ‘महंगाई के खिलाफ उठी करोड़ों आवाजें अब आंधी बन चुकी है। एक ऐसी आंधी जो इस अन्यायी और निर्दयी सरकार की सत्ता उखाड़ फेंकेगी।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here