बिलासपुर। 12 साल के एक बालक की हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई है। उसकी मौत पिता की ही पिटाई के चलते हो गई थी। पुलिस जांच से मालूम हुआ है बालक नशे का आदी हो गया था, जिससे परेशान होकर पिता ने उसकी खाट में बांध कर पिटाई की थी।

सकरी थाना क्षेत्र के लोखंडी ग्राम का रहने वाला शिवा धृतलहरे ऑटो चालक है। उसका बेटा जैक्स नशे का आदी हो गया था। अक्सर घर से गायब हो जाता था। 16 जुलाई को वह 3 दिन बाहर गुजारने के बाद लौटा था। इस दौरान भी वह नशे में था। थोड़ी देर बाद वह फिर घर से निकल गया। पिता ने अपने बड़े बेटे को उसे बुला लाने के लिए कहा। बड़े बेटे ने उसे तालाब के पास से पकड़ा और उसे घर लेकर आया। घर पहुंचने पर आरोपी पिता शिवा ने जैक्स को एक खाट से बांध दिया और उसकी बेदम पिटाई की। उसे उसी हालत में छोड़कर वह ऑटो चलाने के लिए निकल गया। थोड़ी देर बाद घर से फोन आया कि जैक्स ने पानी मांगा है और उसके बाद बेहोश हो चुका है। पिता तुरंत घर लौटा। उसे सिम्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां जांच करने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम किया तो घर के लोगों ने उन्हें यह बताया कि मृतक जेम्स 3 दिन बाद नशे की हालत में घर लौटा आए था। आने के बाद बेहोश हो गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चला कि उसके हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोट थी, जिसके चलते उसकी मृत्यु हुई है। संदेह होने पर पुलिस लगातार परिवार के लोगों से पूछताछ कर रही थी। आखिरकार यह राज खुला कि पिता ने ही एक चुनरी से हाथ-पैर को खाट में बांध दिया था और उसकी पिटाई की थी। आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here