तखतपुर।( टेकचंद कारडा) छत्तीसगढ के लोकपर्व हरेली के अवसर पर तखतपुर विधानसभा इलाके को प्रदेश के मुख्यमंत्री के हाथों अनेक सौगात मिलने वाली है।

वे गनियारी में नवनिर्मित आजीविका अंगना तथा नेवरा में गौठानों का लोकार्पण करेंगे।
पहली बार छत्तीसगढ केे लोकपर्व हरेली को इतने उत्साह के साथ भव्य रुप में सरकार की भागीदारी केे साथ मनाया जा रहा है। इसे लेकर बिलासपुर जिले सहित पूरे प्रदेश में उत्साह का वातावरण दिखाई दे रहा है। हरेली पर्व से त्यौहारों  की शुरूआत होती है। इसके बाद पर्वों का सिलसिला शुरू हो जाता है। आने वाले सभी पर्व छत्तीसगढ के लिए विशेष है।

प्रदेश की नई सरकार ने हरेली पर्व को इस बार और यादगार बनाने का फैसला किया है। प्रदेश की संस्कृति से जुड़े पारंपरिक खेल जिन्हें अब बच्चे शायद भूल चुके हैं, उनका इस बार विशेष आयोजन होने जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जिले के तखतपुर विधानसभा के गनियारी और नेवरा में हरेली मनाएंगे। उनका कार्यक्रम कल एक अगस्त को रखा गया है। गनियारी में  बघेल प्रदेश नवनिर्मित आजीविका अंगना मल्टीएक्टीविटी सेंटर का लोकार्पण करेंगे। यह प्रदेश का अपनी तरह का पहला सेंटर है। नेवरा में 26 गौठानों का लोकार्पण वे करेंगे।

गनियारी में नवनिर्मित आजीविका अंगना ढाई एकड में फैला हुआ है। इसके अंदर सिलाई मशीन प्रशिक्षण, गणवेश निर्माण, जूट बैग अगरबत्ती निर्माण, एलईडी बल्ब निर्माण, कांच की चूड़ी तथा सेनेटरी पेड का निर्माण होगा।  इससे लोगों, विशेषकर महिलाओं को रोजगार मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति भी सुदृढ होगी। तीन करोड़ 68 लाख  रुपए की लागत से इस सेंटर का निर्माण किया गया है।

इस दिन बघेल पारंपरिक खेल गेडी कबड्डी सहित अन्य खेल में भी अपनी उपस्थिति देंगे और छत्तीसगढ के व्यंजन चीला, फरा, ठेठरी, खुर्मी का भी लुफ्त उठाएंगे। वे लोगों को संदेश भी देंगे कि हमें अपनी संस्कृति, अपने पर्व और अपने पकवानों पर गर्व होना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here