अंबिकापुर। कांग्रेस के संभागीय सम्मेलन में आज उस वक्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश देखने को मिला जब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने साथ-साथ ठहाके लगाए और तस्वीरें खिंचाई।
सरगुजा में मंगलवार को कांग्रेस का संभागीय सम्मलेन रखा गया। हाल ही में आस्ट्रेलिया और कुछ अन्य देशों के प्रवास पर रहे सिंहदेव सोमवार को अंबिकापुर वापस आए थे। सम्मेलन स्थल पर सिंहदेव ने बघेल का स्वागत किया तो वहां मौजूद पत्रकारों ने उनसे दोनों के बीच मतभेद पर सवाल किया। बघेल ने कहा कि हम एक परिवार हैं। कई तरह की बातें होती रहती है। हमारी जय-वीरू की जोड़ी सलामत है और रहेगी।
इसके बाद सिंहदेव ने बघेल के कंधों पर हाथ रखा और दोनों नेताओं ने खिलखिलाते हुए तस्वीरें खिंचवाई। इस दौरान कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत और स्थानीय पार्टी पदाधिकारी भी दोनों की मुलाकात और हंसी-मजाक को देखकर मुस्कुराने लगे।
मालूम हो कि विगत दो वर्षों से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बीच दूरी बढ़ने की खबरें लगातार चर्चा में है। सरगुजा के पिछले कुछ दौरों में मुख्यमंत्री के साथ सिंहदेव नहीं दिखे। दोनों के बीच विवाद का एक बड़ा कारण मुख्यमंत्री पद का ढाई-ढाई साल के लिए बंटवारे के समझौते पर अमल नहीं होना बताया जाता है। सिंहदेव कह चुके हैं कि उन्हें ढाई साल बाद मुख्यमंत्री का पद मिलना था। हाईकमान ने यह तय किया था। सिंहदेव खुद को मुख्यमंत्री पद का कई बार दावेदार बता चुके हैं। पर साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि वे कांग्रेस छोड़कर कभी नहीं जाएंगे। सिंहदेव ने पिछले बयानों में यह भी कहा है कि वे अगला विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए बहुत उत्सुक नहीं हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here